By अंकित सिंह | Dec 01, 2022
मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बड़ा ऐलान कर दिया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में भी समान नागरिक संहिता को लेकर एक कमेटी बनाई जाएगी। दरअसल, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कहा कि मैं इस बात का पक्षधर रहा हूं कि भारत में अब समय आ गया है कि एक समान नागरिक संहिता लागू होनी चाहिए। एक से ज्यादा शादी कोई क्यों करें? उन्होंने कहा कि एक देश में दो विधान क्यों? उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भी मैं कमेटी बना रहा हूं।
गुजरात में फिर से चुने जाने पर समान नागरिक संहिता को लागू करने के भाजपा के चुनावी वादे पर राजनाथ सिंह ने कहा कि जनसंघ के गठन के दिनों से ही समान नागरिक संहिता के बारे में पार्टी की नीति बहुत स्पष्ट रही है। उन्होंने कहा कि हम समय-समय पर अपना रुख नहीं बदलते हैं। कोई भी निर्णय लेते समय राजनीति और उसे लोग कैसे देखेंगे इसे ध्यान में नहीं रखा जाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सभी लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के पालन और चर्चाओं के बाद देश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने को प्रतिबद्ध है।