By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 21, 2026
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर राज्य में मादक पदार्थ की समस्या को रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया और वादा किया कि भाजपा के सत्ता में आने पर छह महीने के भीतर मादक पदार्थ के पूरे नेटवर्क को खत्म कर दिया जाएगा। चौहान ने तलवंडी साबो में भाजपा की राज्यव्यापी चौथी ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ की शुरूआत की। पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।
चौहान ने कहा, ‘‘मैं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से पूछना चाहता हूं कि आपने अरविंद केजरीवाल से क्या वादा किया था? सत्ता में आने से पहले आप कहते थे कि इसे (मादक पदार्थ की समस्या को) तीन महीने में खत्म कर देंगे, छह महीने में खत्म कर देंगे। आपने समयसीमा दी थी न?
लेकिन आपकी समयसीमा एक बार खत्म हुई, फिर दोबारा खत्म हुई और अब फिर से खत्म हो गई।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘आप पंजाब को नशे में डुबो रहे हैं। मादक पदार्थ उपलब्ध कराने वालों को कौन बचा रहा है? उन्हें किसका संरक्षण मिल रहा है?’’ चौहान ने आरोप लगाया कि मान ‘‘अपराध, भ्रष्टाचार और कमीशन खोरी’’ की सरकार चला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का संदेश लेकर पंजाब आए हैं। उन्होंने भाजपा के सत्ता में आने पर राज्य से नशे की समस्या खत्म करने का संकल्प साझा किया। चौहान ने कहा, ‘‘सत्ता में आने के बाद भाजपा छह महीने के भीतर मादक पदार्थ के पूरे नेटवर्क को नष्ट कर देगी।
यह हमारा संकल्प है। हम नशे की जड़ पर प्रहार करेंगे।’’ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर अपने कार्यकाल को याद करते हुए चौहान ने कहा कि उनकी सरकार ने डकैतों के खिलाफ कड़े कदम उठाए थे, और दावा किया कि छह महीने के भीतर ही इस समस्या को खत्म कर दिया गया था। चौहान ने भाजपा शासित उत्तर प्रदेश का भी जिक्र किया और दावा किया कि वहां की सरकार ने सभी अपराधियों का सफाया कर दिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने वादा किया था कि 31 मार्च 2026 तक देश में नक्सलवाद को खत्म कर देंगे, लेकिन नक्सलवाद उससे एक महीने पहले ही खत्म कर दिया गया।’’ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह का संकल्प है कि ‘‘जब तक पंजाब को नशा मुक्त नहीं कर देते, तब तक चैन से नहीं बैठेंगे।’’ भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा नेता सुनील जाखड़ ने उन्हें बताया कि पुलिसकर्मियों पर हमले हो रहे हैं और उन्हें सलाह जारी की गई है कि वे ‘‘अकेले या दोपहिया वाहन से बाहर न निकलें।’’ चौहान ने कहा, ‘‘अगर किसी राज्य की पुलिस इस स्थिति में पहुंच जाए तो उस राज्य को कौन बचाएगा?’’ उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘चुल्लू भर पानी में डूब मरो भगवंत मान। आज आपकी पुलिस भी सुरक्षित नहीं है।’’ चौहान ने कहा कि भाजपा पंजाब में ‘‘नशा मुक्ति’’ अभियान चला रही है। उन्होंने कहा, ‘‘हम सरकार पर दबाव बना रहे हैं।
हमने नशा माफिया, अफीम माफिया, चरस माफिया, चिट्टा माफिया और ऐसे सभी माफिया के खिलाफ अभियान शुरू किया है।’’ उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा भाजपा की यात्रा के विरोध में काले झंडे दिखाए जाने का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘और आप यात्रा को काले झंडे दिखाते हैं।’’ इससे पहले चौहान ने नशे की लत के शिकार लोगों के परिवारों से मुलाकात की। चौहान ने कहा, ‘‘आज जब मैंने पंजाब में प्रभावित परिवारों से बात की तो मेरा दिल पीड़ा से भर गया।