श्रेयस अय्यर 27 पायदान की छलांग से आईसीसी टी20 रैंकिंग में 18वें स्थान पर, विराट कोहली शीर्ष 10 से बाहर

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 02, 2022

दुबई,  हाल में श्रीलंका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर नेआईसीसी टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में 27 पायदान की बड़ी छलांग लगायी, लेकिन विराट कोहली शीर्ष 10 से बाहर हो गये। श्रीलंका के खिलाफ हाल में भारत की घरेलू श्रृंखला में मिली जीत से खिलाड़ियों की रैंकिंग पर काफी असर पड़ा है जिसमें शीर्ष क्रम के बल्लेबाज अय्यर को अपनी आक्रामक और तीन नाबाद अर्धशतकीय पारियों का बड़ा फायदा मिला जिससे वह बल्लेबाजों की सूची में ऊंची उछाल से 18वें स्थान पर पहुंच गये। फरवरी में हुई इस श्रृंखला में भारत ने श्रीलंका को 3-0 से पराजित किया जिसमें 27 वर्षीय अय्यर ने 174 के स्ट्राइक रेट से तीन मैचों में नाबाद 204 रन बनाये। अय्यर के साथी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार गेंदबाजों की रैंकिंग में तीन पायदान के फायदे से 17वें स्थान पर पहुंच गये। श्रीलंका के पाथुम निसांका ने श्रृंखला के दूसरे मैच में 75 रन की पारी खेली थी जिससे उन्हें छह पायदान का फायदा हुआ जिससे वह रैंकिंग में नौंवे स्थान पर पहुंचे जबकि पूर्व भारतीय कप्तान कोहली पांच स्थान खिसककर 15वें स्थान पर पहुंच गये जिन्हें इस श्रृंखला के लिये आराम दिया गया था।

रोहन मुस्तफा आल राउंडर रैंकिंग में छठे स्थान पर पहुंचे और फरवरी 2020 में अपनी सर्वश्रेष्ठ पांचवीं रैंकिंग से महज एक स्थान नीचे हैं। टेस्ट रैंकिंग में सबसे बड़ी उछाल दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा ने लगायी है जो मेजबान न्यूजीलैंड के खिलाफ अच्छे प्रदर्शन से तीन पायदान चढ़कर तीसरे स्थान पर काबिज हो गये। रबाडा ने दो मैचों की श्रृंखला के दौरान 10 विकेट झटके थे। न्यूजीलैंड के काईल जैमीसन पांचवें और टिम साउदी छठे स्थान पर खिसक गये जिसमें आस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस और भारत के अनुभवी रविचंद्रन अश्विन नेतृत्व कर रहे हैं। मार्नस लाबुशेन शीर्ष रैंकिंग के टेस्ट बल्लेबाज बरकरार हैं जिसमें न्यूजीलैंड के डेवोन कोनवे छह पायदान के फायदे से 17वें स्थान पर हैं।

वनडे रैंकिंग में अफगानिस्तान के अनुभवी स्पिनर राशिद खान ने बांग्लादेश के खिलाफ हाल की तीन मैचों की श्रृंखला के बाद गेंदबाजों की सूची में शीर्ष 10 में अपना स्थान फिर हासिल कर लिया। वह छह पायदान की उछाल से नौंवे स्थान पर हैं जबकि बांग्लादेश के मेहदी हसन मिराज सातवें स्थान पर खिसक गये। श्रीलंका के लिटन दास बांग्लादेश और अफगानिस्तान के बीच वनडे श्रृंखला में शीर्ष रन स्कोरर थे जिससे वह अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 32वीं रैंकिंग पर काबिज हैं। ट्रेंट बोल्ट शीर्ष रैंकिंग के वनडे गेंदबाज के रूप में बरकरार हैं जबकि पाकिस्तान के बाबर आजम बल्लेबाजों में शीर्ष पर हैं।

प्रमुख खबरें

Asian Games से बाहर हुए MMA फाइटर Varun Sanyal, वजन घटाते समय बिगड़ी तबीयत

प्रधानमंत्री की मां हो या गरीब की... Indore Mimicry Row पर Akhilesh Yadav का बड़ा बयान

Corbett Literature Festival का पहला संस्करण 6 अक्टूबर से होगा शुरू

खराब Gut Health सुधारने के चक्कर में ज्यादा Fiber और Probiotics लेना बढ़ा सकता है पेट की दिक्कत