T20I सीरीज 2-2 से बराबर रहने पर बोले Shreyas Iyer, टीम बेहतर गेंदबाजी कर सकती थी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 17, 2026

भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय शृंखला 2-2 से बराबर रहने के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने शनिवार को माना कि टीम दूसरे और चौथे मुकाबले में टीम बेहतर गेंदबाजी कर सकती थी। वेस्टइंडीज के कप्तान और शृंखला के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी शाई होप ने शृंखला नहीं जीत पाने पर निराशा जताई लेकिन टीम के प्रदर्शन को सकारात्मक बताया। भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांचवां और निर्णायक टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया।

अय्यर ने मैच के बार पुरस्कार समारोह में कहा, “नतीजा कुछ और हो सकता था, क्योंकि हम दूसरे और चौथे मैच में बेहतर गेंदबाजी कर सकते थे। ’’ उन्होंने वेस्टइंडीज और होप की तारीफ करते हुए कहा, ‘‘वेस्टइंडीज को श्रेय देना होगा। उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी की।

होप ने पूरी शृंखला में जिस तरह बल्लेबाजी की, वह शानदार थी। हार के बाद वापसी करने की उनकी क्षमता भी काबिलेतारीफ रही।’’ भारतीय कप्तान ने टीम की आक्रामक मानसिकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि टीम इसी सोच के साथ खेलना जारी रखेगी।

अय्यर ने युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को लेकर कहा कि उन्हें लगातार अपने खेल और तैयारी की प्रक्रिया पर भरोसा बनाए रखना चाहिए। उन्होंने कहा, “मैं उनसे यही कहता रहता हूं कि उन्हें मौका जरूर मिलेगा। अपनी प्रक्रिया में निरंतरता बनाए रखनी होगी और कभी-कभी इंतजार भी करना पड़ता है।

हमारे पास दो शानदार सलामी बल्लेबाज हैं। वैभव के साथ हमारी बातचीत इसी विषय पर होती रही है।” अय्यर ने लगातार यात्रा और व्यस्त कार्यक्रम को लेकर भी कहा कि भारतीय टीम इन परिस्थितियों से अच्छी तरह निपट रही है। उनके मुताबिक, देश के भीतर लगातार यात्रा करना टीम के लिए नई बात नहीं है और खिलाड़ी इसके अभ्यस्त हो चुके हैं।

होप ने शृंखला जीतने का मौका गंवाने पर निराशा जताते हुए कहा, ‘‘फिलहाल यह हमारे लिए पर्याप्त नहीं है। हम जीत के काफी करीब थे। हमारे पास 20 साल से भी अधिक समय में ऐसा करने का मौका था।

हम निश्चित रूप से आगे बढ़ रहे हैं। सफलता का मतलब सिर्फ शृंखला जीतना नहीं है। इस दौरे से कई सकारात्मक बातें सामने आई हैं।’’ होप ने टीम के गेंदबाजों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए शमर स्प्रिंगर, कीमो पॉल और रोस्टन चेज का विशेष उल्लेख किया।

उन्होंने कहा, ‘‘अहम ओवरों में खिलाड़ियों ने जिम्मेदारी निभाई और पूरी सीरीज के दौरान अलग-अलग मौकों पर टीम के सदस्यों ने आगे बढ़कर योगदान दिया।’’ होप ने अपने प्रदर्शन और तैयारी को लेकर कहा, ‘‘ खिलाड़ी को लगातार असफलताओं के बावजूद खुद पर विश्वास बनाए रखना चाहिए। अगर आप पिछले चार-पांच मैचों में रन नहीं बना पाए हैं, तब भी आपको खुद पर भरोसा रखना चाहिए। मेरी तैयारी और प्रक्रिया नहीं बदलती।

मुझे लगता है कि मैं पर्याप्त तैयारी करता हूं।’’ शृंखला में होप का प्रदर्शन वेस्टइंडीज के लिए अहम रहा। उन्होंने चार मैचों में दो शतकों की मदद से 261 रन बनाए और शृंखला के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए।

प्रमुख खबरें

Kolkata के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भारी भीड़ से भगदड़, 25 लोग घायल

Kolkata Durga Puja Pandal में भगदड़ से 17 श्रद्धालुओं की मौत, 25 घायल

Rahul Gandhi पर बरसे Nitin Nabin, लगाया विदेशी टूलकिट गिरोह की कठपुतली बनने का आरोप

Gandhinagar की प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी भीषण आग, काबू पाने में जुटी IAF टीम