मनोज जरांगे को 500 करोड़ रुपये देने के दावे पर बोले Shrikant Shinde, जांच से सब स्पष्ट होगा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 24, 2026

शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे ने सोशल मीडिया पर प्रसारित ‘500 करोड़ रुपये’ वाले ऑडियो क्लिप पर पहली प्रतिक्रिया देते हुए शनिवार इस आरोप से इनकार किया कि उन्हें मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे को देने के लिए कोई रकम मिली थी। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत ने कहा कि वह भी उस व्यक्ति की तलाश कर रहे हैं, जिसे कथित तौर पर उन्हें देने के लिए यह रकम सौंपी गई थी। शिंदे ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं भी उस व्यक्ति की तलाश कर रहा हूं, जिसे 500 करोड़ रुपये दिए गए थे।

भाजपा पदाधिकारियों की कथित आवाज वाले वीडियो में एक महिला यह दावा करते हुए सुनाई देती है कि श्रीकांत शिंदे के जरिए जरांगे को 500 करोड़ रुपये दिए गए थे। रिकॉर्डिंग में वक्ताओं को 2024 के विधानसभा चुनाव से पहले मराठवाड़ा क्षेत्र में जरांगे के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव का मुकाबला करने की रणनीतियों पर चर्चा करते हुए भी सुना जा सकता है। वहीं, ठाणे में महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने शनिवार को सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन पर निशाना साधते हुए उसके घटक दलों के बीच ‘गैंगवार’ होने का दावा किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भाजपा और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना जनकल्याण के बजाय राजनीतिक लालच और सत्ता में हिस्सेदारी के लिए काम कर रही हैं, लेकिन अंततः दोनों दल फिर साथ आ जाएंगे। सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) महायुति की तीसरी सहयोगी है। कांग्रेस नेता ने ठाणे शहर में पिछले महीने मारे गए शिवसेना (उबाठा) नेता प्रदीप पूर्णेकर के परिवार से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए यह टिप्पणी की।

सपकाल ने कहा कि भाजपा और उसके सहयोगी दलों, खासकर शिवसेना के बीच काफी खींचतान है। उन्होंने इसे ‘‘गैंगवार’’ करार दिया।

प्रमुख खबरें

Noida Metro में बना नया कीर्तिमान, 23 अक्टूबर को 1.05 लाख यात्रियों ने किया सफर

MP CM Mohan Yadav ने Dhar में 2,388 करोड़ रुपये की Irrigation Project शुरू की

ED ने Mumbai Airport से वकील को पकड़ा, 28000 करोड़ के साइबर फ्रॉड में कार्रवाई

France में महंगाई और शिक्षा के मुद्दे पर बड़ा मार्च, पेरिस में पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले