Korea Open: भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे सिंधू और सेन, अमेरिका की लॉरेन लैम से होगी भिड़ंत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 04, 2022

सुनचियोन (कोरिया)। भारतीय बैडमिंटन की नयी सनसनी लक्ष्य सेन और ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पी वी सिंधू मंगलवार से यहां शुरू होने वाले कोरिया ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे। जर्मन ओपन और ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाले सेन बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं और पहले दौर में चीन के विश्व में 25वें नंबर के खिलाड़ी लु गुआंग जू से भिड़ेंगे। सेन के लिये खिताब जीतना हालांकि आसान नहीं होगा क्योंकि पुरुष एकल ड्रा में कुछ दमदार खिलाड़ी जैसे इंडोनेशिया के एंथनी गिंटिंग (शीर्ष वरीयता प्राप्त) और जोनाथन क्रिस्टी (तीसरी वरीयता प्राप्त), विश्व चैंपियन और चौथी वरीयता प्राप्त लोह कीन यू, मलेशिया के दूसरी वरीयता प्राप्त ली जी जिया और थाईलैंड के कुनलावुत विटिडसर्न (आठवीं वरीयता प्राप्त) भाग ले रहे हैं। इस सत्र में सैयद मोदी इंटरनेशनल और स्विस ओपन के रूप में दो खिताब जीतने वाली सिंधू अमेरिका की लॉरेन लैम के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।

इसे भी पढ़ें: दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ गुजरात टाइटन्स की होगी कड़ी परीक्षा, कौन मारेगा बाजी

एक अन्य खिलाड़ी किरण जार्ज का सामना कोरिया के ली डोंग क्यून से होगा। महिला एकल में सैयद मोदी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने वाली मालविका बंसोद का सामना हॉन यू से होगा, जबकि श्रीकृष्णा प्रिया कुदारावल्ली को पहले दौर में दूसरी वरीयता प्राप्त कोरियाई एन सेयांग की कड़ी चुनौती का सामना करना होगा। युगल में भारत की निगाह सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की तीसरी वरीयता प्राप्त पुरुष जोड़ी पर टिकी रहेगी। एमआर अर्जुन और ध्रुव कपिला पुरुष युगल में, बी सुमीत रेड्डी और अश्विनी पोनप्पा मिश्रित युगल में तथा एन सिक्की रेड्डी और अश्विनी महिला युगल में चुनौती पेश करेंगे।

प्रमुख खबरें

DUSU Election में चार पदों के लिए वोटिंग जारी, 960 EVM से हो रहा फैसला

US में ट्रेनिंग के दौरान F-16 फाइटर जेट क्रैश, सुरक्षित बाहर निकला पायलट

ठाणे में PWD में क्लर्क की नौकरी का झांसा देकर 12 लाख रुपये ठगे, दो लोगों पर FIR दर्ज

DUSU Elections: दिल्ली विश्वविद्यालय में मतदान शुरू, सुरक्षा में 2000 से अधिक जवान तैनात