सिंगापुर एयरलाइंस ने यात्रियों को मुआवजे की पेशकश की

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 11, 2024

सिंगापुर। सिंगापुर एयरलाइंस ने पिछले महीने वायुमंडलीय विक्षोभ का शिकार हुए एक विमान में सवार 211 यात्रियों को मंगलवार को पूरा हवाई किराया वापस करने और आर्थिक मुआवजे का भुगतान करने की पेशकश की। पिछले महीने लंदन से सिंगापुर की उड़ान में अचानक वायुमंडलीय विक्षोभ के कारण विमान के लड़खड़ाने के कारण एक यात्री की मौत हो गयी थी और कई अन्य लोग घायल हुए थे। सिंगापुर एयरलाइंस (एसआईए) की लंदन से सिंगापुर जा रही उड़ान संख्या एसक्यू321 को 21 मई को भारी वायुमंडलीय विक्षोभ का सामना करना पड़ा था। 

बोइंग 777-300 ईआर विमान में 211 यात्री और चालक दल के 18 सदस्य सवार थे। विमान को आपात स्थिति में बैंकॉक के सुवर्णभूमि हवाई अड्डे पर उतारा गया था। विमान इतनी बुरी तरह से लड़खड़ाया था कि यात्री और चालक दल के सदस्य विमान की छत तक उछल कर नीचे गिर गए, जिसके परिणामस्वरूप एक व्यक्ति की मौत हो गई और दर्जनों यात्री घायल हो गए। एसआईए ने एक बयान में कहा कि सोमवार को यात्रियों को मुआवजा देने के प्रस्ताव भेज दिये गये। बयान के मुताबिक, इस घटना में जिन लोगों को मामूली चोटें आईं, उन्हें मुआवजे के तौर पर 10 हजार अमेरिकी डॉलर की पेशकश की गई। 

बयान में कहा गया, जिन लोगों को इस घटना में ज्यादा गंभीर चोटें आईं, हमने उन्हें उनकी परिस्थिति के हिसाब से मुआवजे के प्रस्ताव पर चर्चा के लिए आमंत्रित किया है। एसआईए ने कहा, जिन यात्रियों को चिकित्सकीय रूप से गंभीर चोटें आईं हैं, जिन्हें दीर्घकालिक चिकित्सा देखभाल की आवश्यकता है और जो वित्तीय सहायता चाहते हैं, उन्हें उनकी तत्काल जरूरतों को पूरा करने के लिए 25 हजार अमेरिकी डॉलर के अग्रिम भुगतान की पेशकश की जाती है। विमानन कंपनी ने कहा, यह यात्रियों को मिलने वाले अंतिम मुआवजे का ही हिस्सा होगा। 

उड़ान संख्या एसक्यू321 के सभी यात्रियों को हवाई किराए की पूरी राशि वापस की जाएगी, इनमें वे यात्री भी शामिल हैं जिन्हें किसी प्रकार की कोई चोट नहीं आई। समाचार चैनल न्यूज एशिया की खबर के अनुसार, उड़ान संख्या एसक्यू321 में सवार चालक दल के 18 सदस्यों के लिए मुआवजे का कोई उल्लेख नहीं किया गया। खबर के मुताबिक, विमानन कंपनी एसक्यू321 में सवार प्रभावित यात्रियों की सहायता करने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रमुख खबरें

पुरानी Delhi के Hauz Qazi में ढही इमारत से एक और शव बरामद, मरने वालों का आंकड़ा 7 पहुंचा

Diwali 2026: जगमगाए देशभर के Temple और प्रमुख स्थल, श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना

LK Advani के 100वें वर्ष में प्रवेश पर PM Modi ने की सराहना, बताया वैचारिक स्पष्टता का प्रतीक

Yashasvi Jaiswal ने New Zealand A के खिलाफ ठोका लगातार दूसरा शतक, फॉर्म में लौटे