By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 06, 2022
नयी दिल्ली। आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने की तैयारी में जुटी जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के निदेशक मंडल में छह स्वतंत्र निदेशकों को शामिल किया गया है। कामकाज के संचालन (कॉरपोरेट गवर्नेंस) से संबंधित नियामकीय नियमों को पूरा करने को कंपनी ने यह कदम उठाया है। सूत्रों ने बताया कि एलआईसी ने पूर्व वित्तीय सेवा सचिव अंजुली छिब दुग्गल, सेबी के पूर्व सदस्य जी महालिंगम और एसबीआई लाइफ के पूर्व प्रबंध निदेशक संजीव नौटियाल को निदेशक मंडल में शामिल किया है।
डीआरएचपी में निर्गम के आकार का उल्लेख होगा। निवेश एवं लोक संपत्ति प्रबंधन विभाग (दीपम) के सचिव तुहिन कांत पांडेय ने कहा था कि सेबी की मंजूरी के बाद एलआईसी का आईपीओ मार्च में आ सकता है। एलआईसी के निर्गम का 10 प्रतिशत तक पॉलिसीधारकों के लिए आरक्षित रहेगा। चालू वित्त वर्ष के लिए संशोधित विनिवेश लक्ष्य को हासिल करने की दृष्टि से एलआईसी की सूचीबद्धता महत्वपूर्ण है। सरकार ने चालू वित्त वर्ष के विनिवेश लक्ष्य में भारी कटौती कर इसे 78,000 करोड़ रुपये कर दिया है। अभी तक सरकार एयर इंडिया के विनिवेश और अन्य सार्वजनिक उपक्रमों में हिस्सेदारी बिक्री के जरिये मात्र 12,000 करोड़ रुपये जुटा पाई है।