By रेनू तिवारी | Sep 07, 2026
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक बहुमंजिला इमारत ढहने की घटना में मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर छह हो गई है और मलबे से कुल 11 लोगों को निकाला गया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिणी परिसर के पास स्थित इस इमारत का इस्तेमाल लड़कों के पीजी (पेइंग गेस्ट) आवास के रूप में किया जा रहा था। इमारत में मरम्मत का काम चल रहा था, तभी रविवार अपराह्न करीब डेढ़ बजे यह ढह गई।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) अमित गोयल ने कहा, ‘‘रात में एक और व्यक्ति को मलबे से निकाला गया लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई।’’ उन्होंने बताया कि घटना से कथित तौर पर जुड़े लोगों की तलाश जारी है। पुलिस ने इमारत के मालिक और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
ये रहा CCTV वीडियो
CCTV फुटेज में वह पल कैद हुआ जब इमारत अचानक ढह गई। इसमें दिख रहा है कि कैसे कुछ ही सेकंड में ढांचा ढह गया और ज़मीन पर गिरते ही धूल का गुबार उठने लगा। गिरी हुई इमारत के सामने वाली बिल्डिंग के CCTV फुटेज में एक दुकानदार बाल-बाल बचता हुआ दिख रहा है। फुटेज में वह व्यक्ति इमारत गिरने से कुछ पल पहले अपनी दुकान के बाहर बैठा हुआ दिखाई देता है। जैसे ही इमारत अचानक ढही और इलाके में धूल का घना गुबार छा गया, वह अपनी जान बचाने के लिए दुकान से भागता हुआ नज़र आया।
दिल्ली के CM ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए
इस बीच, दिल्ली सरकार ने सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं और इमारत के मालिक के खिलाफ FIR दर्ज करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने शनिवार को यह जानकारी दी।
दिल्ली CMO के अनुसार, घटनास्थल का निरीक्षण और घटना के शुरुआती आकलन के बाद यह फैसला लिया गया। कार्यालय ने कहा कि इस 'गंभीर घटना' के लिए जिम्मेदार लोगों को पूरी तरह जवाबदेह ठहराया जाएगा और कानून के सबसे सख्त प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
उनके निर्देशों के बाद, दिल्ली पुलिस ने साउथ कैंपस पुलिस स्टेशन में लड़कों के PG के मालिक हरिराम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। दिल्ली पुलिस ने कहा, "साउथ कैंपस पुलिस स्टेशन में कथित मालिक हरिराम और अन्य लोगों के खिलाफ BNS की धारा 105/290/125(a) के तहत FIR नंबर 153/26 दर्ज की गई है। यह बिल्डिंग एक PG थी। आरोप है कि ग्राउंड फ्लोर पर रेनोवेशन का काम चल रहा था, जिसकी वजह से बिल्डिंग गिर गई। इन लोगों का पता लगाने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं।"
Read Latest National News in Hindi only on Prabhasakshi