South Korea Plane Crash । मुआन इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे पर फिसला विमान, अबतक 120 लोगों की मौत

By एकता | Dec 29, 2024

दक्षिण कोरिया के मुआन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक बड़ा विमान हादसा हो गया है। 181 लोगों से भरा ‘जेजू एयर’ यात्री विमान हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में अबतक 120 लोगों की मौत हो गयी है। आपको बता दें, 'जेजू एयर' का विमान 175 यात्रियों और छह फ्लाइट अटेंडेंट के साथ बैंकॉक से लौट रहा था।

अग्निशमन एजेंसी के अनुसार, विमान लैंडिंग के समय रनवे पर फिसल गया और मुआन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की दीवार से टकरा गया जिससे उसमें आग लग गयी। अग्निशमन एजेंसी ने बताया कि बचाव अधिकारी विमान के यात्रियों के लिए बचाव कार्य कर रहे हैं।

परिवहन मंत्रालय ने बताया कि यह घटना स्थानीय समयानुसार सुबह नौ बजकर तीन मिनट पर हुई। स्थानीय टीवी चैनलों ने फुटेज प्रसारित की जिसमें विमान से आग की लपटें निकलती दिखाई दे रही हैं और काले धुएं का घना गुबार नजर आ रहा है। मुआन में आपातकालीन अधिकारियों ने बताया कि वे आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि विमान के ‘लैंडिंग गियर’ में खराबी आ गई।

इसे भी पढ़ें: टेक्सास और मिसिसिपी में तूफान से दो लोगों की मौत, छह लोग घायल

परिवहन मंत्रालय ने बताया कि विमान बैंकॉक से लौट रहा था और उसमें सवार यात्रियों में दो थाई नागरिक भी शामिल थे। थाईलैंड की प्रधानमंत्री पैतोंगतार्न शिनावात्रा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के माध्यम से दुर्घटना के कारण प्रभावित हुए लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। पैतोंगतार्न ने कहा कि उन्होंने विदेश मंत्रालय को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का आदेश दिया है।

जानकारी के लिए आपको बता दें कि यह दक्षिण कोरिया के विमानन इतिहास की सबसे घातक दुर्घटनाओं में से एक है। इससे पहले, दक्षिण कोरिया में 1997 में ‘कोरियन एयरलाइन’ का विमान गुआम में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें 228 लोग मारे गए थे।

प्रमुख खबरें

Delhi में आतिशबाजी के बाद Air Quality गंभीर, 20 निगरानी केंद्रों पर AQI खतरनाक स्तर पर

West Bengal में Kali Puja पर उमड़ी भारी भीड़, दक्षिणेश्वर और कालीघाट में लगीं कतारें

Delhi में पाबंदियों की अनदेखी कर देर रात तक फूटे Firecrackers, AQI 376 तक पहुंचा

Thailand में शुरू हुआ 27 दिवसीय Grand Diwali Festival, PM ने किया शुभारंभ