By अभिनय आकाश | Oct 10, 2025
नॉर्वेजियन नोबेल समिति ने शुक्रवार को वेनेजुएला की विपक्षी नेता और लोकतंत्र कार्यकर्ता मारिया कोरिना मचाडो को 2025 का नोबेल शांति पुरस्कार देने की घोषणा की है। इस कदम से व्हाइट हाउस में हलचल मचने की संभावना है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, जिन्होंने कम से कम सात अंतरराष्ट्रीय संघर्षों को सुलझाने का दावा किया है, लंबे समय से इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए लालायित थे और कई बार उन्होंने खुले तौर पर इस प्रतिष्ठित पुरस्कार को पाने की इच्छा भी व्यक्त की। उनके डेमोक्रेटिक पूर्ववर्ती बराक ओबामा ने 2009 में यह शांति पुरस्कार जीता था।
हालांकि, पुरस्कार देने वाली समिति ने कहा कि उन्होंने शांति पुरस्कार के संबंध में अभियान और मीडिया का ध्यान आकर्षित करने के कई उदाहरण देखे हैं। जोर्गेन वाटने फ्राइडनेस ने कहा हमें हर साल हजारों पत्र मिलते हैं, जिनमें लोग यह बताना चाहते हैं कि उनके लिए शांति का मार्ग क्या है। उन्होंने आगे कहा कि समिति वार्षिक पुरस्कार प्रदान करते समय साहस और निष्ठा को महत्व देती है।