56 करोड़ रुपये की क्रिप्टोकरंसी की हेराफेरी के आरोप में सॉफ्टवेयर इंजीनियर गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 12, 2024

बेंगलुरु की एक कंपनी से 56 करोड़ रुपये मूल्य की क्रिप्टोकरंसी की हेराफेरी करने के आरोप में 26 वर्षीय एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। उसने बताया कि आरोपी शुभांग जैन हरियाणा का रहने वाला है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास कंपनी के सभी ‘वॉलेट’ तक कथित तौर पर पहुंच और नियंत्रण था, जिसका उसने दुरुपयोग किया, खाते का पासवर्ड बदल दिया और बाद में ‘क्रिप्टोकरंसी’ को उन ‘वॉलेट’ में हस्तांतरित कर दिया, जो उसने फर्जी पहचान का इस्तेमाल करके बनाए थे।

कंपनी की लेखा परीक्षा के दौरान यह मामला सामने आया। पुलिस ने बताया कि आरोपी पिछले दो साल से फरार था और उसे मुंबई से गिरफ्तार किया गया। उसने बताया कि वह शहर में स्थित इस ‘क्रिप्टोकरंसी’ प्रबंधन कंपनी में काम करता था और धोखाधड़ी करने के बाद मुंबई भाग गया था।

पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘‘जांच के दौरान यह पता चला कि आरोपी ने शिकायतकर्ता कंपनी के ‘वॉलेट’ से ‘क्रिप्टोकरंसी’ को अपने, अपने परिवार के सदस्यों और मित्रों के ‘वॉलेट’ में हस्तांतरित करके धोखाधड़ी की थी, जिन्हें उसने मई 2021 और अप्रैल 2022 के बीच कंपनी की मुद्रा को हस्तांतरित करने के लिए बनाया था।’’

पुलिस ने बताया कि प्राप्त सूचना के आधार पर पता चला कि जैन मुंबई में है और फिर उसे गिरफ्तार कर लिया गया जहां वह किसी अन्य कंपनी में काम कर रहा था। पुलिस ने बताया कि उसके पास से दो मोबाइल फोन और दो लैपटॉप भी जब्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि उसे पुलिस हिरासत में ले लिया गया है ताकि मामले में आगे की जांच की जा सके और धन को बरामद किया जा सके।

प्रमुख खबरें

Nepal Flood: 26 अगस्त की आपदा के बाद 2,465 लापता लोगों की आधिकारिक सूची जारी

ठाणे में Maharashtra ATS ने 13 लाख के इनामी Naxalite संजय यादव को दबोचा

Ayodhya Deepotsav में बोले उपराष्ट्रपति CP Radhakrishnan, राम के आदर्शों पर चल रहे PM Modi और योगी

भजनलाल शर्मा के बयान पर भड़के Ashok Gehlot, सबूत देने या माफी मांगने की दी चुनौती