हेलीकॉप्टर दुर्घटना: IAF के ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह की बची जान, अगस्त में मिला था शौर्य चक्र

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 09, 2021

नयी दिल्ली। तमिलनाडु में कुन्नूर के समीप हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना में बचे ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह को अगस्त में शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया था। उन्हें पिछले साल उनके तेजस हल्के लड़ाकू विमान में बड़ी तकनीकी खामी के बाद उड़ान के दौरान दुर्घटना होने से रोकने के लिए यह सम्मान दिया गया था। तमिलनाडु में बुधवार को हुई हेलीकॉपटर दुर्घटना में अकेले सिंह ही बचे हैं और वह वेलिंगटन में एक सैन्य अस्पताल में जिंदगी के लिए जंग लड़ रहे है। गौरतलब है कि बुधवार को एमआई-17वी5 हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका और 11 अन्य कर्मियों की मौत हो गयी थी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुर्घटना पर संसद में कहा, ‘‘ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह वेलिंगटन में सैन्य अस्पताल में जीवन रक्षक प्रणाली पर हैं और उनकी जान बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।’’

इसे भी पढ़ें: नगालैंड गोलीबारी: असम-नगालैंड सीमा पर काले झंडों की मांग

अधिकारियों ने बताया कि उनका विमान पूरी तरह नियंत्रण खो बैठा था और ऐसी परिस्थिति में पायलट को विमान छोड़ देने की पूरी छूट होती है, लेकिन उन्होंने स्थिति की गंभीरता का आकलन किया और विमान को फिर से सुरक्षित उड़ाने का फैसला किया। उद्धरण में कहा गया, ‘‘अपनी जान को खतरा होने के बावजूद उन्होंने सैकड़ों करोड़ रुपये बचाते हुए लड़ाकू विमान को नियंत्रित करने तथा सुरक्षित उतारने के लिए असाधारण साहस का परिचय दिया। पायलट ने जोखिम लेते हुए विमान को उतारा। इससे स्वदेश निर्मित लड़ाकू विमान में खामी का सटीक विश्लेषण करने और ऐसी घटनाएं फिर से होने से रोकने के लिए एहतियाती कदम उठाने में मदद मिली।’’ सिंह का परिवार मूलत: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का रहने वाला है।

प्रमुख खबरें

HCL Tech का Odisha में बड़ा दांव, ₹14,257 करोड़ के निवेश से बनेगा भारत का पहला Sovereign AI Data Center

अब तक बनाए गए 10.18 करोड़ से अधिक किसान पहचान पत्र, सरकार ने राज्यसभा में दी जानकारी

Japanese Yen Crash: 1986 के बाद सबसे निचले स्तर पर मुद्रा, Satsuki Katayama ने दिए Currency Market में दखल के संकेत

मोदी सरकार के मिस्टर डिपेंडेबल, आखिर क्यों धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देंगे? वजह समझिए!