'कुछ लोग मुकदमे कर रोक रहे हैं सरकारी भर्ती', ममता बनर्जी बोलीं- व्यापम घोटाले में नहीं हुई एक भी गिरफ्तारी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 05, 2022

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि सरकार स्कूल सेवा आयोग (एसएससी) की नौकरी के इच्छुक उम्मीदवारों को रोजगार देना चाहती है लेकिन अदालती मामलों ने उसे ऐसा करने से रोक दिया है। शिक्षक दिवस पर एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बनर्जी ने एसएससी नौकरी के इच्छुक प्रदर्शनकारी उम्मीदवारों को दिये संदेश में कहा कि लोगों का एक वर्ग जनहित याचिका दायर करके सरकार की भर्ती प्रक्रिया को रोकने की धमकी दे रहा है। बनर्जी ने कहा कि कई बार जो सत्ता के शीर्ष पर होते हैं उन्हें निचले स्तरों पर भ्रष्टाचार के खिलाफ जनता के गुस्से का सामना करना पड़ता है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा एसएससी भर्ती घोटाला में पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी की गिरफ्तारी के लिए विपक्ष तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नीत सरकार पर लगातार हमले कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘सभी लोग एक जैसे नहीं होते, ठीक वैसे ही जैसे किसी व्यक्ति के हाथ की उंगलियां एक जैसी नहीं होती हैं। नैतिक चरित्र हर व्यक्ति में भिन्न होते हैं और समाज में अच्छे और बुरे दोनों तरह के लोग होते हैं। जैसे एक व्यक्ति किसी समाज को परिभाषित नहीं कर सकता, उसी तरह एक बुरे काम से व्यक्ति को परिभाषित नहीं किया जा सकता है।’’ बिना नाम लिए विपक्षी दलों की आलोचना करते हुए बनर्जी ने कहा, ‘‘कुछ लोग हैं जो उस प्रथा का पालन करते हैं कि न तो लोगों का काम करेंगे और न ही दूसरों को काम करने देंगे। मध्य प्रदेश के व्यापम घोटाले के दौरान उन्होंने (भाजपा) क्या किया? अब तक 54 लोग जान गंवा चुके हैं। कल भी, राज्य (मध्य प्रदेश) में एक और घोटाला उजागर हुआ है। भ्रष्टों को गिरफ्तार नहीं किया गया।’’

इसे भी पढ़ें: अभिषेक बनर्जी से ईडी ने की 7 घंटे तक पूछताछ, टीएमसी नेता बोले- जनमत के खिलाफ काम कर रही भाजपा 

मध्य प्रदेश के महालेखाकार ने लड़कियों और महिलाओं के लिए महत्वाकांक्षी मुफ्त भोजन योजना में बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी और अनियमितताएं पाई हैं। बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की वित्तीय स्थिति की तुलना आंध्र प्रदेश और तेलंगाना राज्यों से करना अनुचित होगा क्योंकि उन पर पिछली सरकारों का कर्ज नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र हमें धन नहीं देता है और बंगाल की वित्तीय स्थिति की तुलना अन्य राज्यों से करना अनुचित होगा, जिन्हें पिछली सरकारों का कर्ज नहीं चुकाना है।’’ बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना की भारत यात्रा का जिक्र करते हुए बनर्जी ने शिक्षक दिवस पर पड़ोसी देश के शिक्षकों को भी शुभकामनाएं दीं।

प्रमुख खबरें

Harmanpreet Kaur ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ी, तीनों प्रारूपों से इस्तीफा

Rahul Gandhi को री-लॉन्च करने के लिए Congress फैला रही अराजकता, BJP नेता Sambit Patra का तीखा वार

Voter List विवाद पर Parliament से ECI तक INDIA Bloc का विरोध मार्च, हिरासत में विपक्ष के कई नेता

ऐसा भी क्या प्रोटोकॉल? गोद में 11 हफ्ते का बेटा...हेलीकॉप्टर की सीढ़ियों पर गिरते-गिरते बचीं उषा वेंस, कोई भी सैनिक हिला तक नहीं