By एकता | Nov 02, 2026
टीवी अभिनेत्री सोनारिका भदौरिया ने सीरियल 'देवों के देव महादेव' में माता पार्वती का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाई थी। यह शो भले ही खत्म हो चुका है, लेकिन दर्शक आज भी उन्हें इसी किरदार के लिए याद करते हैं। सोनारिका अक्सर अपने प्रशंसकों के साथ अपनी जिंदगी से जुड़ी बातें साझा करती रहती हैं। हाल ही में उन्होंने अपने बचपन की एक ऐसी घटना के बारे में बताया, जिसे याद करके आज भी उनकी आंखें नम हो जाती हैं। अभिनेत्री ने खुलासा किया कि बचपन में एक व्यक्ति ने उन्हें गलत तरीके से छुआ था।
सोनारिका ने उस घटना को याद करते हुए कहा, "उन पांच कदमों में ही उसने मेरी चेस्ट को दबाया था। मुझे उस वक्त कुछ समझ ही नहीं आया था और मैं एकदम शांत हो गई थी।" अभिनेत्री ने बताया कि जब वह 15-16 साल की हुईं, तब उन्हें समझ आया कि बचपन में उनके साथ क्या हुआ था। इसके बाद उन्होंने अपनी मां को इस घटना के बारे में बताया। सोनारिका के मुताबिक, उनकी मां ने उनसे पूछा था कि उन्होंने पहले इस बारे में क्यों नहीं बताया।
सोनारिका ने बताया कि उन्होंने आज तक इस घटना के बारे में अपने पिता को नहीं बताया है। अभिनेत्री ने कहा कि अगर वह यह बात अपने पिता को बतातीं, तो वह उस व्यक्ति को जिंदा नहीं छोड़ते। इस घटना के बारे में बात करते हुए सोनारिका भावुक हो गईं। उनकी आंखें नम हो गईं। अभिनेत्री के इस खुलासे ने उनके बचपन के उस दर्दनाक अनुभव को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।