By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 10, 2026
किसी कर्मचारी को कमरे के कोने में खड़ा कर देना, पार्टी के किसी सदस्य को दीवार की ओर मुंह करके खड़े रहने का आदेश देना या किसी व्यक्ति से कई दिनों तक बात नहीं करना... पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ‘‘कभी-कभार गुस्सा आने पर’’ कुछ इस तरह पेश आती थीं। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक में अपनी सास इंदिरा गांधी के स्वभाव के बारे में यह खुलासा किया है। सोनिया गांधी ने मंगलवार से बाजार में उपलब्ध अपनी बहुप्रतीक्षित आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में शादी के बाद नेहरू-गांधी परिवार में अपने पहले वर्ष के अनुभवों का जिक्र किया है।
‘हार्पर कॉलिन्स इंडिया’ द्वारा प्रकाशित 544 पृष्ठ की इस पुस्तक में सोनिया गांधी ने अपने जीवन के विभिन्न पड़ावों का उल्लेख किया है। इनमें द्वितीय विश्व युद्ध के बाद इटली में बीता उनका बचपन, नेहरू-गांधी परिवार में विवाह, उनके पति राजीव गांधी की हत्या और राजनीति में उनके प्रवेश से जुड़े अनुभव शामिल हैं। सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक में लिखा, ‘‘मुझे सबसे ज्यादा डर अपनी सास के कभी-कभार अचानक गुस्से में आ जाने से लगता था।
उनके गुस्से से कर्मचारी इस कदर सहम जाते थे कि कुछ बोल ही नहीं पाते थे। एक बार एक कर्मचारी उन्हें किसी महत्वपूर्ण मुलाकात के बारे में याद दिलाना भूल गया था। पहले भी वह ऐसी ही गलती कर चुका था।
उसे कमरे के एक कोने में खड़े रहने को कहा गया। वहीं, अन्य कर्मचारी इस स्थिति से असहज महसूस कर रहे थे और वे वहां से जल्दी-जल्दी निकल गए।’’ सोनिया ने एक अन्य घटना का जिक्र करते हुए लिखा कि उन्होंने एक बार ‘‘कुर्ता-धोती पहने एक व्यक्ति को कमरे के कोने में दीवार की ओर मुंह करके खड़े देखा जो बिल्कुल हिल नहीं रहा था।’’ उन्होंने लिखा, ‘‘उस समय मैं राजनीति की प्रमुख हस्तियों को अच्छी तरह नहीं पहचानती थी, लेकिन वह व्यक्ति हमारे घर के निजी हिस्से में था, इसलिए मुझे लगा कि वह कांग्रेस का कोई वरिष्ठ नेता होगा। मैं करीब आधे घंटे तक एमी आंटी के साथ रही।
जब मैं वापस लौटी, तब भी सफेद कपड़े पहना वह व्यक्ति दीवार की ओर मुंह करके खड़ा था। बाद में मुझे पता चला कि मेरी सास ने उसे ऐसा करने का आदेश दिया था।’’ एमी कृष्णा पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के स्टाफ में वरिष्ठ सदस्य थीं। सोनिया गांधी ने लिखा कि कई बार इंदिरा गांधी किसी से नाराज होने पर उससे बात करना बंद कर देती थीं और ‘‘उसे नजरअंदाज करती थीं जिससे वह व्यक्ति कई दिनों तक असमंजस में रहता था।’’ उन्होंने लिखा कि संसद में ‘‘विशेष रूप से विपक्ष के साथ तीखी नोकझोंक’’ होने पर इंदिरा गांधी कभी-कभी भोजन के दौरान भी ‘‘गुस्से में आ जाती थीं।’’ ऐसे ही एक मौके पर उन्होंने अपनी थाली ‘‘गुस्से में’’ खाने की लंबी मेज के दूसरे छोर की ओर धकेल दी थी।
सोनिया ने लिखा, ‘‘उनके इस तरह गुस्सा होने से मैं घबरा जाती थी। मुझे अपने पिता के गुस्से की याद आ जाती थी। मैं परेशान हो जाती थी और सहम जाती थी जबकि राजीव और संजय उस अप्रिय स्थिति के समाप्त होने का चुपचाप इंतजार करते थे।’’ राजीव उन्हें दिलासा देते हुए कहते थे, ‘‘इतना मत डरो।
वह थोड़ी ही देर में शांत हो जाएंगी।’’ सोनिया गांधी ने लिखा, ‘‘मैं जब तक उन्हें अच्छी तरह नहीं जानने लगी, तब तक मैं उनके गुस्से से कांप उठती थी। उन्हें आमतौर पर गुस्सा शांत होने के बाद अपने व्यवहार पर पछतावा होता था और वह अपने तरीके से उस व्यक्ति के सामने अफसोस भी जताती थीं, जिससे वह नाराज हो जाती थीं। लेकिन यदि कोई सहयोगी उनका भरोसा तोड़ देता था तो वह उसे माफ नहीं करती थीं।
वह उससे दूरी बना लेती थीं और फिर कभी उसके साथ काम नहीं करती थीं।’’ सोनिया ने लिखा कि इंदिरा गांधी को घर के कुछ काम करने से सुकून मिलता था और वह कभी-कभी एमी कृष्णा से पुरानी तस्वीरों के बक्से मंगवाती थीं और फिर उन तस्वीरों को तारीख के हिसाब से अलग-अलग करती थीं। उन्होंने लिखा, ‘‘या फिर वह अपनी साड़ियां निकालती थीं और हमारी मदद से उन्हें इस हिसाब से व्यवस्थित करती थीं कि वे कहां से आई थीं। वह साड़ियों के हर गट्ठर पर एक पर्ची लगाती थीं, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें आसानी से निकाला जा सके।
वह कुछ ऐसी साड़ियां भी अलग रखती थीं, जिन्हें उन्होंने कभी-कभार ही पहना था और जो अब भी अच्छी हालत में थीं। फिर वह हमसे अलग-अलग रिश्तेदारों के लिए उन साड़ियों के अलग-अलग गट्ठर बनाने को कहती थीं।’’ सोनिया गांधी ने इंदिरा गांधी के, साड़ियों और अपनी पुरानी कश्मीरी शॉल के प्रति लगाव का भी जिक्र किया है। पूर्व प्रधानमंत्री ने अपनी मां की कई पुरानी साड़ियां भी सहेजकर रखी थीं।
ये साड़ियां खादी के प्रचलन से पहले के दौर की थीं। सोनिया गांधी के अनुसार, दादी बनने के बाद इंदिरा गांधी के जीवन में ‘‘तनाव के क्षण’’ कम होने लगे थे। उन्होंने लिखा, ‘‘जैसे-जैसे बच्चे बड़े हुए, हम उन्हें यह जानने के लिए उनके पास भेजने लगे कि उनका मिजाज कैसा है।
पोते-पोतियों की एक मुस्कान या उनका कोई मासूम सवाल उनकी नाराजगी तुरंत दूर कर देता था। बच्चों के साथ रहने से वह तनावमुक्त हो जाती थीं और उन्हें बहुत खुशी मिलती थी।’’