10 Janpath को अशुभ मानने की सलाह Rajiv Gandhi ने हंसी में टाल दी थी: Sonia Gandhi

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 11, 2026

राजीव गांधी प्रधानमंत्री पद से हटने के बाद जब अपने परिवार के साथ नए आवास ‘10 जनपथ’ में जाने वाले थे तो उनके कई सहयोगियों ने उन्हें वहां नहीं रहने की सलाह दी थी, क्योंकि वे उस बंगले को ‘अशुभ’ मानते थे। हालांकि, राजीव और सोनिया गांधी ने इस बात को अंधविश्वास मानकर हंसी में उड़ा दिया और इसे अपना नया आशियाना बना लिया। कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: एक जर्नी ऑफ लव’ में इस रोचक वाकये का जिक्र किया है।

राजीव गांधी, सोनिया गांधी और उनके बच्चे पांच फरवरी, 1990 को ‘10जनपथ’ में दाखिल हुए थे। इसके बाद से लगातार यह सोनिया गांधी का आवास बना हुआ है। सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में अपने करीब 37 साल पुराने इस आशियाने का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘हम 5 फरवरी, 1990 को अपने नए घर 10 जनपथ में रहने आए।

राजीव के कई सहयोगियों ने उन्हें इस मकान में रहने के लिए न जाने की सलाह दी थी। उनका मानना था कि यह घर अशुभ है। हालांकि, उन्होंने इसके पीछे की वजह स्पष्ट नहीं की थी।

लेकिन न तो राजीव और न ही मैं अंधविश्वासी थे, इसलिए हमने उनकी इस बात को हंसी में टाल दिया।’’ उन्होंने आवास की शुरुआती स्थिति का जिक्र करते हुए लिखा कि बंगला काफी बड़ा था, लेकिन उसकी हालत जर्जर थी। हर कमरे की दीवारों पर नमी के कारण बड़े-बड़े धूसर धब्बे थे। उनके मुताबिक, उस दौर के अन्य मकानों की तरह इस घर की भी मजबूत नींव नहीं थी।

गहरे बरामदों को बंद कर दिया गया था, जिससे घर के भीतर अंधेरा और उदासी का माहौल रहता था। परिसर भी काफी बड़ा था, लेकिन उसका रखरखाव ठीक से नहीं किया गया था। सोनिया ने लिखा है कि घर की चारदीवारी सुरक्षा के लिहाज से बेहद छोटी थी और कोई भी व्यक्ति उसे आसानी से फांद सकता था।

पड़ोसी ने साझा दीवार पर कंटीले तार लगाने की अनुमति देने से भी इनकार कर दिया था। उन्होंने स्वीकार किया कि राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर वह इतनी चिंतित रहती थीं कि कई बार उनकी चिंता लगभग जुनून की हद तक पहुंच जाती थी। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष के मुताबिक, उन्होंने कुछ मित्रों को पूरा परिसर दिखाकर बताया था कि घर सुरक्षा के लिहाज से कितना असुरक्षित है।

उनका कहना है कि वह ऐसा इसलिए कर रही थीं ताकि किसी अनहोनी की स्थिति में ये लोग गवाह बन सकें। हालांकि, बाद में साफ-सफाई और मरम्मत के बाद इस घर ने एक खास आकर्षण हासिल कर लिया। आत्मकथा में सोनिया ने अपने दोनों बच्चों राहुल और प्रियंका के स्वभाव तथा राजीव गांधी के साथ उनके रिश्तों का भी उल्लेख किया है।

उन्होंने लिखा कि दोनों बच्चे अपने पिता से बेहद प्यार करते थे, लेकिन राहुल का स्वभाव सवाल पूछने और चीजों को समझने का था। वह कई बार अपने पिता के विचारों और फैसलों को लेकर सवाल करते थे। उनके मुताबिक, राहुल ने श्रीलंका में भारतीय सेना भेजने के फैसले के संभावित परिणामों को लेकर भी राजीव से सवाल किए थे तथा यह वही राजनीतिक फैसला था जिसके दुखद परिणाम सामने आए।

सोनिया ने राहुल के 17वें जन्मदिन पर राजीव द्वारा लिखे गए पत्र का भी जिक्र किया है। इसमें राजीव ने बेटे की संवेदनशीलता, मानवीय मूल्यों और कठिनाइयों का सामना करने की क्षमता की प्रशंसा की थी। उन्होंने लिखा था कि बदलते समय में लोगों का व्यवहार पहले से अधिक कठोर और निर्दयी हो गया है, लेकिन राहुल ने इसके बावजूद एक सुंदर व्यक्तित्व के रूप में विकास किया है और उन्हें अपने बेटे पर गर्व है।

प्रमुख खबरें

पूर्व हॉकी खिलाड़ी MM Somayya के घर चोरी हुए Olympic Gold Medal समेत 8 पदक Bengaluru Police ने किए बरामद

Delhi NCR AQI 350 पार, जहरीली हवा और सांस की तकलीफ से बचने के लिए अस्थमा के मरीज इन जरुरी टिप्स को फॉलो करें

मौजूदा विदेश नीति में नैतिकता और दूरदृष्टि का अभाव: Salman Khurshid

Ladakh MP Mohammad Haneefa ने LAHDC चुनाव मई के बाद कराने की मांग उठाई