By नीरज कुमार दुबे | Jul 31, 2024
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सदन में और सड़क पर मोदी सरकार को जोरदार तरीके से घेर रहे हैं तो दूसरी ओर उनकी मां और राज्यसभा सदस्य सोनिया गांधी ने आज पार्टी संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला। कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि मोदी सरकार लोकसभा चुनाव में लगे झटके से सबक लेने की बजाय आज भी विभाजन और डर फैलाने की अपनी नीति पर कायम है।
उन्होंने दावा किया, ‘‘नौकरशाही को आरएसएस की गतिविधियों में भाग लेने की अनुमति देने के लिए नियमों को अचानक बदल दिया गया। यह संगठन खुद को एक सांस्कृतिक संगठन कहता है लेकिन पूरी दुनिया जानती है कि यह भाजपा का राजनीतिक और वैचारिक आधार है।’’ सोनिया गांधी ने महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव तथा जम्मू-कश्मीर में भी विधानसभा चुनाव की संभावना के मद्देनजर पार्टी नेताओं में जोश भरने का प्रयास किया। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ ही महीनों में चार राज्यों में चुनाव होने हैं। हमें लोकसभा चुनाव में बनी स्थिति को बरकरार रखना चाहिए। हमें आत्मसंतुष्ट और अति आत्मविश्वासी नहीं बनना चाहिए। माहौल हमारे पक्ष में है, लेकिन हमें लक्ष्य को ध्यान में रखने की भावना के साथ एकजुट होकर काम करना होगा।’’ कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि यदि कांग्रेस आगामी चुनावों में भी बेहतर प्रदर्शन करती है तो राष्ट्रीय राजनीति में बदलाव आएगा। सोनिया गांधी ने साथ ही आरोप लगाया कि केंद्रीय बजट में किसानों और युवाओं को नजरअंदाज किया गया है।
उन्होंने वायनाड में भूस्खलन में 100 से अधिक लोगों की मौत पर दुख जताया और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। हम आपको बता दें कि बैठक की शुरुआत में, केरल के वायनाड में मंगलवार को तड़के हुए भूस्खलन में मारे गए लोगों और दिल्ली के एक कोचिंग संस्थान में बारिश के पानी में डूबने के कारण जान गंवाने वाले तीन विद्याथियों के सम्मान में कुछ देर मौन रखा गया।