By अंकित सिंह | Dec 07, 2021
उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने है। राजनीति गर्म होते जा रही है। इन सब के बीच समाजवादी पार्टी के एक सांसद ने भाजपा पर तीखा पलटवार करते हुए विवादित बयान दे डाला है। दरअसल, सपा सांसद एसटी हसन ने साफ तौर पर मुसलमानों से अपील की कि आने वाले चुनाव में तुम मत बंट जाना। हमारा मकसद भाजपा को हराना है। इसके साथ ही एसटी हसन ने कहा कि भाजपा जल्दी कॉमन सिविल कोड कानून लाने वाली है जो मुसलमानों के पर्सनल लॉ को खत्म करेगा। दरअसल, समाजवादी पार्टी के सांसद मुरादाबाद में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने यह बातें कही हैं।
इसी को लेकर भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने अब समाजवादी पार्टी पर पलटवार किया है। इसके साथ ही उन्होंने सपा सांसद पर भी तंज कसा है। एक निजी चैनल के वीडियो को शेयर करते हुए संबित पात्रा ने ट्वीट कर लिखा कि चुनाव आ रहा है, अल्लाह के वास्ते बंट मत जाना ..” समाजवादी पार्टी के सांसद एस टी हसन कह रहें है! यदि यही कोई भाजपा सांसद “हिंदुओं” के लिए कह दे तो उसे अंग्रेज़ी में “Polarisation” और “Islamophobia” कह बवाल काट देते! आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने है। इस चुनाव में समाजवादी पार्टी और भाजपा के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही है।