By अंकित सिंह | Dec 23, 2022
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव लगातार भाजपा पर हमलावर रहते हैं। एक बार फिर से उन्होंने आज भाजपा पर जबरदस्त तरीके से निशाना साधा। अपने बयान में अखिलेश यादव ने कहा कि हमने 2024 के लिए भाजपा को काम दे दिया है कि वह मैनपुरी मॉडल पढ़ें। इसके साथ उन्होंने कहा कि मैनपुरी मॉडल और वहां के लोगों ने गुजरात मॉडल को फेल कर दिया। इसके साथ ही समाजवादी पार्टी प्रमुख ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि जिस तरह से मैनपुरी में जमीन पर काम हुआ, अगर यही काम लोक और विधानसभा में होगा तो परिणाम देखने वाले होंगे। आपको बता दें कि हाल में ही मैनपुरी में लोकसभा के उपचुनाव हुए थे जहां समाजवादी पार्टी को जबरदस्त जीत मिली है। यही कारण है कि अखिलेश यादव काफी उत्साहित नजर आ रही हैं।
सपा प्रमुख ने भाजपा नेताओं पर तंज किया कि वे दावा कर रहे थे कि आजमगढ़ हरा दिया, रामपुर हरा दिया उसी तरह से मैनपुरी भी हरा देंगे, लेकिन सपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने जमीन पर मेहनत करके बहुत बड़ी जीत हासिल की है। इस मौके पर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि मैनपुरी की जीत के लिए सभी नेताओ और कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत धन्यवाद। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जिस तरह से चुने हुए जनप्रतिनिधियों का उत्पीड़न कर रही है, अगर सरकार के इशारे पर नेताओं और कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न बंद नहीं किया गया तो अब आगे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह से मैनपुरी लोकसभा उप चुनाव जीता गया है, उसी तरह से तैयारी करके 2024 का आम चुनाव जीतेंगे और चौधरी साहब के जन्मदिन पर संकल्प लेते हैं कि भाजपा सरकार को हटाएंगे।