By अभिनय आकाश | Oct 26, 2026
यूरोप की सबसे बड़ी एयरलाइनों में से एक, 'ईज़ीजेट' (easyJet), सैटेलाइट ऑपरेटर 'स्टारलिंक' (Starlink) के साथ साझेदारी करके पहली बार अपने सभी विमानों में इन-फ्लाइट इंटरनेट सुविधा शुरू करने जा रही है। इसके लिए इंस्टॉलेशन का काम 2027 की पहली छमाही में शुरू होगा। ईज़ीजेट के अनुसार, एयरलाइन को उम्मीद है कि 2028 की शुरुआत तक उसके एयरबस A320, A320neo और A321neo विमानों के बेड़े में यह इंटरनेट सुविधा पूरी तरह से उपलब्ध हो जाएगी। इस पहल का उद्देश्य एयरलाइन के सालाना 10 करोड़ (100 मिलियन) यात्रियों के यात्रा अनुभव को बेहतर बनाना है। इसके ज़रिए यात्री उड़ान के दौरान अपने निजी डिवाइस पर वेब ब्राउज़िंग, स्ट्रीमिंग और ऑनलाइन गेमिंग कर सकेंगे। साथ ही, उन्हें फ्लाइट अपडेट, डेस्टिनेशन गाइड और अपनी सीट से ही मेनू ऑर्डर करने की सुविधा भी मिलेगी। ईज़ीजेट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) केंटन जार्विस ने इस तकनीकी अपग्रेड को यात्रियों की उम्मीदों को आधुनिक यात्रा मानकों के अनुरूप बनाने की एक कोशिश बताया। जार्विस ने कहा, "आज की डिजिटल दुनिया में, हमारे कई ग्राहकों के लिए जुड़े रहना पहले से कहीं ज़्यादा महत्वपूर्ण हो गया है। चाहे वे छुट्टियां मनाने जा रहे यात्री हों जो इन-फ्लाइट मनोरंजन के साथ आराम करना चाहते हैं, या फिर हमारे बिज़नेस ग्राहक हों जिन्हें ज़मीन पर हो रही गतिविधियों की जानकारी से अपडेट रहना होता है।" उन्होंने बताया कि यह व्यावसायिक साझेदारी दोनों तरह के ग्राहकों के लिए एयरलाइन के व्यापक परिचालन लक्ष्यों को पूरा करने में मदद करेगी।
उन्होंने आगे कहा टेक-ऑफ से लेकर लैंडिंग तक तेज़ और भरोसेमंद कनेक्टिविटी का मतलब है कि लोग बिना किसी रुकावट के काम कर सकते हैं, कंटेंट स्ट्रीम कर सकते हैं या दूसरों के संपर्क में रह सकते हैं।" इस कदम के साथ, ईज़ीजेट उन अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस की सूची में शामिल हो गया है जिन्होंने स्टारलिंक कनेक्टिविटी को अपनाया है। इस सूची में अमेरिकन एयरलाइंस, साउथवेस्ट एयरलाइंस, यूनाइटेड एयरलाइंस, अलास्का एयरलाइंस और ब्रिटिश एयरवेज़ जैसी एयरलाइंस पहले से शामिल हैं। इससे पहले, शनिवार (स्थानीय समय) को स्पेसएक्स के CEO एलन मस्क ने कहा था कि यूक्रेनी सेना ने स्टारलिंक की सेवा शर्तों का उल्लंघन किया है और वे इसका इस्तेमाल ड्रोन हमलों के ज़रिए "लोगों को मारने" के लिए कर रहे थे।