प्रियंका गांधी का मोदी पर हल्ला बोल, कहा- आगे का संघर्ष आजादी की लड़ाई से कम नहीं है

By अंकित सिंह | Mar 12, 2019

अहमदाबाद। कांग्रेस की नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में जो कुछ हो रहा है उससे वह दुखी है। उन्होंने कहा कि इस देश को नौजवानों ने बनाया है और आगे की लड़ाई आजादी की लड़ाई से कम नहीं है। प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि करोड़ों नौकरियों के वादे का क्या हुआ। 

 

कांग्रेस महासचिव के रूप में प्रभार संभालने के बाद प्रियंका गुजरात में अपनी पहली राजनीतिक रैली को संबोधित कर रही थी। गांधीनगर जिले के अदालाज गांव के निकट आयोजित रैली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी भी मौजूद थी।

 

इसे भी पढ़ें: महात्मा गांधी के सिद्धातों को कांग्रेस ने भुलाया: नरेंद्र मोदी

 

प्रियंका ने कहा कि मोदी सरकार ने देश में करोड़ों लोगों को नौकरियां देने के अपने वादों को पूरा नहीं किया। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गृह राज्य में एक रैली आयोजित करके आगामी लोकसभा चुनावों के लिए बिगूल फूंका।

 

प्रियंका का मोदी पर हमला: जहां देखिए नफरत फैलाई जा रही है, सब मिलकर मुकाबला करें

 

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा पर तीखा हमला बोला और दावा किया कि देश में चारो तरफ नफरत फैलाई जा रही है जिसका सभी को मिलकर मुकाबला करना है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि असल मुद्दों से ध्यान भटकाने की लगातार कोशिश की जाएगी, लेकिन वे रोजगार, किसानों और महिला सुरक्षा के मुद्दों को लेकर सवाल पूछते रहें। प्रियंका ने यहां कांग्रेस की जनसभा में कहा, ‘‘ मुझे मालूम था कि आज बैठक है, लेकिन मन में सोचा था कि भाषण नहीं देना पड़े। मैं भाषण नहीं दे रही, बल्कि अपने दिल की बात कर रही हूं। पहली बार गुजरात आई हूं और पहली बार उस साबरमती आश्रम गई जहां से महात्मा गांधी ने आजादी के लिए संघर्ष की शुरुआत की थी। वहां बैठकर लगा कि आंखों से आंसू आ जाएंगे। उन लोगों की याद आई जिन्होंनेदेश के लिए अपना सबकुछ न्यौछावर कर दिया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ यह देश प्रेम, सद्भाव और आपसी प्यार के आधार पर बना है। आज जो कुछ देश में हो रहा है उससे दुख होता है।’’

 

कांग्रेस महासचिव ने लोगों का आह्वान किया, ‘‘आपका वोट एक हथियार है। लेकिन एक ऐसा हथियार है जिससे किसी को चोट नहीं पहुचानी है, किसी का नुकसान नहीं करना है। यह हथियार आपको ताकत देता है। फिजूल के मुद्दे नहीं उठने चाहिए। मुद्दे ये उठने चाहिए कि आप कैसे आगे बढ़ेंगे, रोजगार कैसे मिलेगा, महिलाओं को सुरक्षा कैसे मिलेगा। आपकी जागरूकता ही इस मुद्दों को आगे ला सकती है। आप सोच समझकर निर्णय लें।’’ उन्होंने नरेंद्र मोदी का नाम लिए बगैर उन पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘ आपके सामने जो बड़ी बड़ी बातें करते हैं उनसे पूछिए कि दो करोड़ रोजगार का क्या हुआ? 15 लाख रुपये का क्या हुआ? महिलाओं की सुरक्षा का क्या हुआ है?’’ प्रियंका ने कहा, ‘‘ आपकी जागरुकता ही आपको बनाएगी। आपकी देशभक्ति इसी में प्रकट होनी चाहिए। आवाज यहीं से उठने चाहिए। आप उन्हें बताइए कि इस देश की फितरत क्या है? इस देश की फितरत है कि नफरत की हवाओं को प्रेम एवं करुणा में बदलेगी।’’

 

प्रमुख खबरें

Stock Market Crash| सेंसेक्स 750 अंक से नीचे गिरा, 74 हजार के स्तर पर पहुंचा, जानें क्यों आई गिरावट

Stroke Syndrome: ब्यूटी ट्रीटमेंट लेना आपकी सेहत को पड़ सकता है भारी, जानिए क्या है ब्यूटी पार्लर स्ट्रोक सिंड्रोम

Manish Sisodia की जमानत याचिका पर ED-CBI को नोटिस, 8 मई को होगी अगली सुनवाई

पूरे देश में 15 सीट भी नहीं जीत सकती TMC, कृष्णानगर में बोले पीएम मोदी- कोई सरकार बना सकता है, तो वो सिर्फ NDA है