By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 26, 2026
श्रीलंका में जेल में बंद कट्टरपंथी धार्मिक नेता गलागोदत्ते ज्ञानसारा को राष्ट्रपति की ओर से क्षमादान देने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे बौद्ध भिक्षुओं के एक समूह ने वरिष्ठ धर्मगुरुओं के हस्तक्षेप के बाद अपना आंदोलन अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है। ज्ञानसारा (51) अदालत की अवमानना के मामले में जेल की सजा काट रहे हैं। आंदोलन में शामिल प्रमुख भिक्षु उलपने सुमंगला ने रविवार को यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने मुख्य धर्मगुरुओं के आदेश के सम्मान में प्रदर्शन को अस्थायी रूप से रोकने का फैसला किया है।’’ सुमंगला ने कहा कि वरिष्ठ भिक्षुओं ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया है कि वे ज्ञानसारा को संभावित क्षमादान देने का मुद्दा सरकार के समक्ष उठाएंगे।
अदालत की अवमानना का दोषी ठहराए जाने के बाद ज्ञानसारा को छह साल की सजा का शेष हिस्सा काटने के लिए इसी महीने की शुरुआत में फिर जेल भेज दिया गया था। श्रीलंका के तीन प्रमुख बौद्ध मठवासी संप्रदायों के चार मुख्य धर्मगुरुओं ने रविवार को जारी संयुक्त बयान में कहा कि प्रदर्शन जारी रखना बौद्ध भिक्षुओं से अपेक्षित अनुशासन के मानकों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि इससे देश के भीतर और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बौद्ध मठवासी समुदाय की छवि खराब होने का खतरा है।
इस महीने की शुरुआत में प्रदर्शनकारी भिक्षुओं ने ज्ञानसारा को क्षमादान देने की मांग करते हुए मध्य श्रीलंका के कैंडी शहर से राजधानी कोलंबो तक मार्च निकाला था। उन्होंने राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके को ज्ञापन सौंपकर ज्ञानसारा को माफ करने का आग्रह किया था। इस मामले में जेल में ज्ञानसारा के साथ किए जा रहे व्यवहार को लेकर भी विवाद हुआ है।
जेल अधिकारियों ने भिक्षु के पारंपरिक वस्त्र उतरवाए जाने के बाद ज्ञानसारा को अदालत में सामान्य कपड़े पहनकर पेश होने का निर्देश दिया। इस पर कुछ बौद्ध भिक्षुओं ने विरोध जताते हुए कहा कि उन्हें भिक्षु के वस्त्र पहनने से वंचित करने का अधिकार केवल उनके संप्रदाय की मठ परिषद को है। दिसानायके के हस्तक्षेप के बाद जेल नियमों को लेकर राजपत्र में अधिसूचना जारी की गई, जिसके तहत ज्ञानसारा को भिक्षु के वस्त्र पहनकर अदालत में पेश होने की अनुमति दी गई।
ज्ञानसारा ने 2016 में एक पत्रकार के अपहरण से जुड़े मामले की सुनवाई में बाधा डाली थी। इस मामले में सैन्य खुफिया अधिकारियों पर आरोप लगाए गए थे। वर्ष 2010 में लापता हुए पत्रकार की पत्नी को धमकाने और अदालत की अवमानना के मामले में उन्हें 2018 में सजा सुनाई गई थी।
हालांकि, ज्ञानसारा ने इस सजा का एक साल से भी कम समय जेल में बिताया, क्योंकि उन्हें 2019 में तत्कालीन राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना ने क्षमादान दे दिया था। श्रीलंका के उच्चतम न्यायालय ने पिछले महीने प्रक्रियागत त्रुटियों का हवाला देते हुए उस क्षमादान को रद्द कर दिया। इसके बाद ज्ञानसारा को अपनी सजा का शेष हिस्सा काटने के लिए फिर जेल जाना पड़ा।