By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 05, 2026
कोलंबो, पांच सितंबर श्रीलंका एयरलाइन के लिए एयरबस विमानों की खरीद में कथित भ्रष्टाचार के मामले में देश के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के बड़े बेटे नमल राजपक्षे को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, नमल राजपक्षे (40) को शुक्रवार को भ्रष्टाचार या रिश्वतखोरी के आरोपों की जांच करने वाले आयोग (सीआईएबीओसी) के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया था। उन्होंने बताया कि आयोग ने पांच घंटे से अधिक समय तक उनसे पूछताछ की, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर मजिस्ट्रेट असंगा एस. बोदेरागामा के समक्ष पेश किया गया।
दो साल पहले नेशनल पीपुल्स पावर (एनपीपी) सरकार के सत्ता में आने के बाद से राजपक्षे परिवार के किसी सदस्य को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने का यह पहला मामला है। नमल राजपक्षे ने उत्तर-मध्य शहर अनुराधापुरा में 12 सितंबर को सरकार के खिलाफ एक बड़ी जनसभा आयोजित करने की योजना का ऐलान किया था। उनकी पार्टी ने आरोप लगाया कि उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजना इस जनसभा को विफल करने और सरकार के खिलाफ उनके अभियान को कुचलने की सुनियोजित साजिश है।
नमल राजपक्षे के और भी नजदीकी रिश्तेदार विभिन्न अनियमितताओं के आरोपों का सामना कर रहे हैं। हालांकि, उनका कहना है कि उनके खिलाफ की जा रही कार्रवाई राजनीति से प्रेरित है।