श्रीलंकाई तमिल नेताओं ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, भारत सरकार से मांगी मदद

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 22, 2022

कोलंबो| श्रीलंका के तमिल नेशनल एलायंस (टीएनए) ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन को पत्र लिखकर लंबित तमिल मुद्दे के स्थायी राजनीतिक समाधान और विवादित 13वां संशोधन लागू करने के लिए भारत से हस्तक्षेप करने की मांग की है।

श्रीलंका की मुख्य तमिल पार्टी टीएनए ने कहा कि 13वें संशोधन के द्वारा संबंधित प्रस्तावित संवैधानिक प्रक्रिया से तमिल समूह राजनीतिक रूप से और कमजोर हो सकते हैं। 13वां संशोधन भारत-श्रीलंका के बीच हुए 1987 के समझौते का परिणाम है।

इस समझौते पर तत्कालीन श्रीलंकाई राष्ट्रपति जेआर जयवर्द्धने और भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने हस्ताक्षर किए थे।

इसमें श्रीलंका में अल्पसंख्यक तमिल समुदाय को शक्तियों के हस्तांतरण का प्रावधान है। बहरहाल, श्रीलंका की सत्तारूढ़ पीपुल्स पार्टी के सिंहला बहुसंख्यक नेता द्वीपीय देश की प्रांतीय परिषद व्यवस्था को पूरी तरह खत्म करने की वकालत कर रहे हैं।

श्रीलंकाई सरकार ने कहा है कि उसने नए संविधान का मसौदा कानूनी जानकारों के पास भेजा है जबकि टीएनए राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे से मुलाकात करने का इंतजार कर रही है। श्रीलंका में तीन दशकों तक चला गृह युद्ध लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) प्रमुख वी. प्रभाकरण की मौत के साथ 2009 में खत्म हुआ था। संयुक्त राष्ट्र का मानना है कि इस संघर्ष में 80,000-1,00,000 लोग मारे गए। इस संघर्ष में विद्रोहियों ने तमिल अल्पसंख्यकों के लिए अलग राज्य बनाने की मांग की थी।

संयुक्त राष्ट्र ने दोनों पक्षों पर युद्ध अपराध के आरोप लगाए। संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद का सत्र 28 फरवरी को शुरू होना है और यह एक अप्रैल को संपन्न होगा।

सरकारी सूत्रों ने बताया कि श्रीलंकाई सरकार को गत सप्ताह यूएनएचआरसी की रिपोर्ट का मसौदा मिल गया है और इसका जवाब भी दे दिया गया है। विदेश मंत्री जीएल पीरीस जिनेवा में सरकार के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। श्रीलंका पर चर्चा तीन मार्च को होगी।

प्रमुख खबरें

एशियाई खेलों की Skeet Mixed Team में अनंतजीत और परिनाज ने जीता कांस्य पदक

Asian Games 2026: Team India ने शुरू की तैयारी, BCCI ने शेयर किया इनडोर नेट्स सेशन

Election Commission निष्पक्ष रहे, ISF सिंबल मामले में Calcutta High Court की तीखी टिप्पणी

Bikaner में Seva Sankalp कार्यक्रम में बोले CM Bhajan Lal Sharma, पंचायती राज चुनाव पर पूरा फोकस