Zoho के Sridhar Vembu बोले, AI खर्च बढ़ने के कारण इस साल नहीं बढ़ेगा वेतन

By Ankit Jaiswal | Oct 13, 2026

टेनिकल कंपनियों के सामने बढ़ती लागत और एआई पर होने वाले खर्च ने नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। अब इस परेशानी का असर भारतीय सॉफ्टवेयर कंपनी जोहो पर भी दिखाई दे रहा है। कंपनी के संस्थापक श्रीधर वेम्बू ने बताया है कि बढ़ते खर्च को संभालना मुश्किल होता जा रहा है। इसी वजह से जोहो ने इस साल कर्मचारियों के वेतन में होने वाली नियमित बढ़ोतरी और प्रदर्शन के आधार पर मिलने वाले वेतन संशोधन को रोकने का फैसला किया है। वेम्बू ने इस फैसले के लिए कर्मचारियों से माफी भी मांगी है।

उन्होंने यह भी माना कि सॉफ्टवेयर उद्योग के लिए आने वाला समय आसान नहीं दिख रहा है। कंपनी फिलहाल बड़े स्तर पर कर्मचारियों को नौकरी से निकालने से बचने की कोशिश कर रही है। वेम्बू के मुताबिक, जोहो ने पिछले 18 महीनों से अपने कर्मचारियों की संख्या में बढ़ोतरी नहीं की है। उन्होंने कहा कि कंपनी कर्मचारियों की नौकरियां बचाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी, लेकिन पूरे सॉफ्टवेयर क्षेत्र में रोजगार को लेकर स्थिति चिंताजनक है।

बता दें कि पिछले कुछ महीनों में तकनीकी क्षेत्र की कई बड़ी कंपनियों ने कर्मचारियों की छंटनी की है। इनमें माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन, ओरेकल और टीसीएस जैसी कंपनियां शामिल हैं। छंटनी से जुड़े आंकड़े जुटाने वाली वेबसाइट लेऑफ्स डॉट एफवाईआई के अनुसार, 2026 में अब तक 1,31,000 से अधिक तकनीकी कर्मचारियों की नौकरियां जा चुकी हैं। ऐसे माहौल में जोहो का यह फैसला तकनीकी उद्योग में बढ़ते दबाव की ओर इशारा करता है।

कंपनी की मुश्किलों की एक बड़ी वजह एआई से जुड़ी बढ़ती लागत है। वेम्बू ने बताया कि डेटा केंद्रों के लिए जरूरी सर्वर की कीमतें करीब 4 गुना बढ़ गई हैं। इसके अलावा, कंपनी के उत्पादों में एआई का इस्तेमाल बढ़ने से भी खर्च तेजी से बढ़ा है। इन खर्चों को काबू में रखना अब कारोबार के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। उन्होंने दुनिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव को भी कारोबारी अनिश्चितता की एक वजह बताया।

गौरतलब है कि जोहो ने पिछले कुछ समय में अपने कई डिजिटल उत्पादों के जरिए पहचान बनाई है। कंपनी का संदेश भेजने वाला ऐप अरट्टई भी काफी चर्चा में रहा है। हालांकि, लोकप्रियता बढ़ने के बावजूद कंपनी को तकनीकी ढांचे और एआई पर होने वाले खर्च का हिसाब संतुलित रखना पड़ रहा है। वेम्बू ने अगस्त में भी चिंता जताई थी कि एक साल के दौरान मेमोरी की कीमतों में 500 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। उनके मुताबिक, मेमोरी और एआई से जुड़ी सेवाओं की बढ़ती कीमतों ने कारोबार चलाना कठिन बना दिया है। कंपनी ने अब तक अपने उत्पादों की कीमतें बढ़ाने से परहेज किया है, लेकिन ऐसा करना लगातार मुश्किल होता जा रहा है।

वेम्बू ने कर्मचारियों के सहयोग के लिए उनका आभार जताया और कहा कि ज्यादातर लोग कंपनी की स्थिति को समझ रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जोहो खुद को नए दौर के हिसाब से ढालने की प्रक्रिया में है। उनके अनुसार, अगले 3 से 5 साल कंपनी के इस बदलाव की सफलता तय करेंगे। उन्होंने लोगों से कंपनी की इस कोशिश के सफल होने की प्रार्थना करने की अपील भी की है।

प्रमुख खबरें

Bareilly में Samajwadi Party पर बरसे CM Yogi, माफिया के खात्मे पर विपक्ष को होती है तकलीफ

Jan Gan Man: Ladakh पर बदजुबानी करने वाले China को India ने दिया करारा जवाब, बुरी तरह तिलमिला उठा Dragon

झूठी खबरों पर Delhi Police का एक्शन, Pakistani Handles डीएक्टिवेट और 4 FIR दर्ज

एक्टर और होस्ट शेखर सुमन बोले- शेखर टुनाइट का मकसद सरकार को निशाना बनाना नहीं, पीएम मोदी पर पूरा भरोसा