Haryana में Srinagar जा रही बस पर हमला, चालक से दुर्व्यवहार का आरोप; दो हिरासत में

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 19, 2026

श्रीनगर जा रही एक लग्जरी स्लीपर बस के चालक ने आरोप लगाया कि हरियाणा में रात के भोजन के लिए एक ढाबे पर रुकने के दौरान उसे ‘आतंकवादी’ कहा गया। चालक ने आरोप लगाया कि इस दौरान विवाद बढ़ गया और बस पर हमला किया गया, जिसमें दो लोग घायल हो गए। यह घटना शनिवार और रविवार की दरमियानी रात हुई।

इस घटना में बस का एक यात्री और ढाबे का एक कर्मचारी घायल हो गए। रामबन पहुंचने पर ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में बस चालक वकार चौधरी ने बताया कि घटना नीलोखेड़ी में एक होटल के बाहर हुई, जहां उसने 35 यात्रियों को लेकर श्रीनगर जा रही बस को रात के भोजन के लिए रोका था। बस चालक ने कहा, ‘‘बस श्रीनगर-दिल्ली मार्ग पर चलती है।

मैंने रात के भोजन के लिए बस एक होटल में खड़ी की थी। उस समय मैंने देखा कि पार्किंग में पहले से कुछ लोग मौजूद थे। उनमें से एक ने शुरुआत में दूर से ही मुझे चिल्लाकर बस हटाने के लिए कहा।’’ बस चालक वकार चौधरी ने आरोप लगाया, “वह मेरे पास आया और मुझे ‘आतंकवादी’ कहने लगा।

उसने फिर से बस हटाने को कहा। इसके बाद उसने बस की नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की और फिर चाबी से खिड़की के शीशे पर वार कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद वह बस के अंदर घुस आया और मेरे साथ मारपीट करने लगा।

वह कह रहा था कि वे जम्मू-कश्मीर के पंजीकरण नंबर वाले वाहनों को इस मार्ग पर चलने नहीं देंगे।” चौधरी ने आरोप लगाया कि घटना के समय आधे से अधिक यात्री बस से उतर चुके थे, जबकि छह-सात यात्री अब भी बस के अंदर मौजूद थे। उन्होंने आरोप लगाया, “उस व्यक्ति ने यात्रियों के सामने मुझे गालियां दीं और बस से बाहर खींचने की कोशिश की। होटल के कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया और मेरी सुरक्षा के लिए मुझे अंदर ले गए।

इस बीच, उस व्यक्ति ने कुछ अन्य लोगों को बुलाया, जो मोटरसाइकिलों पर वहां पहुंचे। इस घटना में तीन-चार लोग शामिल थे और उन्होंने बस में तोड़फोड़ की।” चौधरी ने बताया कि हमले में दो यात्री भी घायल हो गए। पुलिस से सहयोग नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए चौधरी ने कहा कि ऐसी घटनाओं के कारण कश्मीर के परिवहन कारोबारियों को उत्पीड़न, डर एवं धमकी का सामना करना पड़ता है।

प्रमुख खबरें

Ind W vs Zim W: शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना के तूफानी खेल से भारत ने जीती T20I सीरीज

गैरसैंण सत्र में Congress का विधानसभा घेराव नकारात्मक राजनीति का हिस्सा: Mahendra Bhatt

IOA Athletes Commission चुनाव: 34 सदस्यीय निर्वाचक मंडल में PV Sindhu और हरमनप्रीत सिंह शामिल

वैश्विक आतंकी Muhammad Sarwar की लाहौर में मस्जिद जाते समय गिरकर मौत