By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 03, 2026
बडगाम (जम्मू-कश्मीर), तीन नवंबर श्रीनगर से लोकसभा सदस्य सैयद आगा रुहुल्ला मेहदी ने मंगलवार को यहां अपने पिता आगा सैयद मेहदी की 26वीं पुण्यतिथि पर आयोजित एक रैली में नेशनल कॉन्फ्रेंस नेतृत्व पर अनुच्छेद 370 की बहाली सहित चुनाव के दौरान किए गए प्रमुख वादों से पीछे हटने का आरोप लगाते हुए पार्टी से अपने इस्तीफे की घोषणा की। हालांकि, रुहुल्ला ने अपने भाषण में लोकसभा से इस्तीफा देने का उल्लेख नहीं किया, लेकिन उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि वह मंगलवार को बाद में लोकसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा भेज देंगे। मेहदी 2024 में नेशनल कॉन्फ्रेंस के टिकट पर श्रीनगर सीट से लोकसभा चुनाव जीते थे।
लोकसभा सदस्य मेहदी ने कहा कि पार्टी चुनाव के दौरान अनुच्छेद 370 बहाल करने, कैदियों की रिहाई और मुफ्त बिजली को लेकर किए गए तमाम दावे का सम्मान करने में विफल रही। लोकसभा सदस्य मेहदी ने कहा, चुनाव के दौरान अनुच्छेद 370 बहाल करने, कैदियों को रिहा करने और मुफ्त बिजली देने के बारे में किए गए तमाम दावे महज झूठ थे। मैं अब इन झूठों का हिस्सा बनकर नहीं रह सकता।
उन्होंने पार्टी से अपने इस्तीफे को आजादी का फरमान बताया। मेहदी ने कहा कि कुछ लोग चाहते हैं कि वह एक नया राजनीतिक दल बनाएं, लेकिन उनकी अधिक रुचि जम्मू-कश्मीर के लोगों की गरिमा और सम्मान बहाल करने के लिए एक आंदोलन शुरू करने में है। उन्होंने कहा, हमने 2024 के चुनाव में उनका (नेशनल कॉन्फ्रेंस का) समर्थन करने की अपील की थी और यह एक गलती साबित हुई।
हो सकता है कि उन्होंने हार मान ली हो, लेकिन हमने नहीं। हम एक ऐसा आंदोलन शुरू करेंगे, जिसमें ईमानदार और संवेदनशील लोग आगे आकर हमसे छीनी गई चीजों को वापस पाने की लड़ाई का नेतृत्व करेंगे।