Environment Ministry ने बढ़ाई सीमा, 500 हेक्टेयर तक के Non Coal Mining को राज्य स्तर पर मंजूरी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 22, 2026

अब 500 हेक्टेयर तक की गैर-कोयला खनन परियोजनाओं का पर्यावरणीय मंजूरी के लिए राज्य स्तर पर मूल्यांकन किया जाएगा। पहले यह सीमा 250 हेक्टेयर थी। केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने 18 नवंबर को जारी अधिसूचना में कहा कि इस संशोधन से ऐसी परियोजनाओं के लिए पर्यावरणीय मंजूरी की प्रक्रिया को और अधिक विकेंद्रीकृत करने में मदद मिलेगी।

मंत्रालय ने यह भी कहा कि राज्य स्तरीय निकाय राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण (एसईआईएए) और राज्य विशेषज्ञ मूल्यांकन समितियां (एसईएसी) पहले से ही 500 हेक्टेयर तक की कोयला खनन परियोजनाओं की जांच करती हैं। एसईआईएए पर्यावरणीय मंजूरी देता है, जबकि एसईएसी परियोजना के मूल्यांकन में उसे सलाह देता है। पर्यावरण प्रभाव आकलन (ईआईए) अधिसूचना, 2006 के तहत परियोजनाओं को उनके आकार और संभावित प्रभावों के आधार पर विभिन्न श्रेणियों में बांटा जाता है।

श्रेणी ए की परियोजनाओं का मूल्यांकन केंद्र स्तर की विशेषज्ञ मूल्यांकन समिति (ईएसी) करती है, जबकि श्रेणी बी की परियोजनाओं का मूल्यांकन एसईआईएए और एसईएसी करती हैं। मंत्रालय की अधिसूचना में बताया गया है कि ईएसी और एसईएसी में नामित विशेषज्ञों के लिए पात्रता संबंधी मानदंड जैसे योग्यता और अनुभव एक समान हैं। अधिसूचना में कहा गया है, ‘‘इस संबंध में यह तथ्य है कि राज्य स्तरीय विशेषज्ञ मूल्यांकन समितियों में भी विशेषज्ञता का स्तर उतना ही है, जितना विशेषज्ञ मूल्यांकन समितियों में उपलब्ध है।’’ इसमें कहा गया है कि पिछले दो दशकों में एसईआईएए ने पर्यावरणीय मंजूरी के लिए परियोजनाओं के मूल्यांकन की प्रक्रिया में पर्याप्त अनुभव हासिल किया है।

इस संशोधन के संबंध में एक मसौदा अधिसूचना इसी साल जुलाई में जारी की गई थी। 18 नवंबर को इस बदलाव को औपचारिक रूप से अधिसूचित कर दिया गया और इसके तहत 2006 की ईआईए अधिसूचना में संशोधन किया गया।

प्रमुख खबरें

Brent Crude की कीमतों में उछाल से भारत का Oil Import Bill 60 फीसदी बढ़ा

Gujarat के Vapi में पुलिस हिरासत से भाग रहे रंगदारी आरोपी जोगराज सिंह पर फायरिंग

Periods में कमजोरी और थकान दूर करने के लिए डाइट में शामिल करें ये 4 चीजें

UP में एक्सप्रेसवे और विकास परियोजनाओं को तय समय में पूरा करने के निर्देश, Yogi Adityanath ने की समीक्षा