Gujarat के Vapi में पुलिस हिरासत से भाग रहे रंगदारी आरोपी जोगराज सिंह पर फायरिंग

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 22, 2026

वलसाड जिले के वापी कस्बे में रविवार को पांच करोड़ रुपये की जबरन वसूली के एक मामले के 35 वर्षीय आरोपी ने दो पुलिसकर्मियों पर हमला कर भागने की कथित तौर पर कोशिश की, जिसके बाद एक पुलिस निरीक्षक ने उसके पैर में गोली मार दी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। विशेष अभियान समूह (एसओजी) के पुलिस निरीक्षक दिनेश परमार ने बताया कि यह घटना पूर्वाह्न करीब 11 बजकर 30 मिनट पर बलिठा रेलवे अंडरपास के पास उस समय हुई, जब वलसाड जिला एसओजी की एक टीम जबरन वसूली मामले की जांच के तहत तीन आरोपियों को डीएनए परीक्षण के लिए ले जाने के बाद वापस लौट रही थी।

आरोपियों में से एक की पहचान जोगराज सिंह (35) के रूप में हुई है। उसने भागने की कोशिश में कथित तौर पर परमार पर अपनी कोहनी से हमला किया और फिर अपनी हथकड़ी से पुलिस वाहन के चालक सुनील मिश्रा का गला घोंटने का प्रयास किया। परमार ने कहा, ‘‘उसे रोकने के लिए मैंने अपनी सरकारी पिस्तौल से गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी।’’ निरीक्षक ने बताया कि सिंह के साथ परमार और मिश्रा का भी अस्पताल में इलाज जारी है और सिंह खतरे से बाहर है।

यह घटना 17 नवंबर को वापी में एक जौहरी के छोटे भाई पर हुए हमले से जुड़ी है। वलसाड पुलिस ने 18 नवंबर को पंजाब के तीन लोगों को गिरफ्तार किया, जिन पर जबरन वसूली की कोशिश के तहत उस पर धारदार हथियारों से हमला करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, जौहरी को हरजिंदर सिंह उर्फ हैरी ढिल्लों नामक एक व्यक्ति से व्हाट्सएप कॉल किया गया था और संदेश भेजे गए थे, जिसने कथित तौर पर पांच करोड़ रुपये मांगे थे।

रकम न देने पर जौहरी और उसके छोटे भाई को जान से मारने की धमकी दी गई थी। दो लोगों ने 17 नवंबर को महात्मा गांधी बाजार स्थित एक शॉपिंग सेंटर के सामान्य शौचालय के पास जौहरी के छोटे भाई पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। गांधी बाजार में ही आभूषण की दुकान भी है।

हमले में पीड़ित की गर्दन और पीठ में गंभीर चोटें आई थीं। वहीं, तीसरे आरोपी जोगराज सिंह ने कथित तौर पर हमले का वीडियो रिकॉर्ड कर उसे ढिल्लों को भेजा। संदेह है कि ढिल्लों दुबई में रहा है और वहीं से इन गतिविधियों को करवा रहा था।

एसओजी की एक विज्ञप्ति के अनुसार, तीनों आरोपी लवप्रीत सिंह (30), जोगराज सिंह (35) और अमोलक सिंह (30) मूल रूप से पंजाब के निवासी हैं। वे कथित तौर पर अमृतसर से वापी आए थे और हमला करने से पहले आभूषण की दुकान की रेकी की थी। वापी की एक अदालत ने 18 नवंबर को तीनों को आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया था।

जारी जांच के तहत ही ये डीएनए परीक्षण कराए गए थे।

प्रमुख खबरें

JKSSB परीक्षा नकल मामले में 6 और गिरफ्तार, 6 सरकारी कर्मचारियों समेत कुल 20 आरोपी हिरासत में

Brent Crude की कीमतों में उछाल से भारत का Oil Import Bill 60 फीसदी बढ़ा

Environment Ministry ने बढ़ाई सीमा, 500 हेक्टेयर तक के Non Coal Mining को राज्य स्तर पर मंजूरी

Periods में कमजोरी और थकान दूर करने के लिए डाइट में शामिल करें ये 4 चीजें