By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 04, 2024
मुंबई। स्थानीय शेयर बाजारों में सोमवार को उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में दोनों मानक सूचकांक-बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुए। ऊर्जा और बैंक शेयरों में लिवाली से बाजार में लगातार चौथे दिन तेजी बनी रही। तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 66.14 अंक यानी 0.09 प्रतिशत चढ़कर अपने अबतक के उच्चतम स्तर 73,872.29 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, यह एक समय 183.98 अंक तक उछल गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 27.20 अंक यानी 0.12 प्रतिशत की तेजी के साथ रिकॉर्ड स्तर 22,405.60 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह अपने अबतक के उच्चतम स्तर 22,440.90 अंक तक चला गया था।
बीते वर्ष के लिए भारत के आर्थिक आंकड़े उम्मीद से कहीं बेहतर रहे हैं, जिसकी वजह से मूडीज ने वृद्धि दर का अनुमान बढ़ाया है। सेंसेक्स शनिवार को विशेष कारोबारी सत्र में 60.80 अंक और निफ्टी 39.65 अंक मजबूत हुआ था। देश के प्रमुख शेयर बाजार बीएसई और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ने किसी बड़े व्यवधान से निपटने की अपनी तैयारी को परखने के लिए शनिवार को शेयर एवं शेयर वायदा एवं विकल्प खंड में विशेष कारोबारी सत्र का आयोजन किया था। इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.30 प्रतिशत चढ़कर 83.80 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शनिवार को 81.87 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे थे।