By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 09, 2022
मुंबई, यूक्रेन संकट दूर करने के लिए कूटनीतिक प्रयासों से उम्मीद लगाए बैठे निवेशकों के अनुकूल रुख से घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को तेजी देखी गई। इस दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी में हुई लिवाली से सेंसेक्स और निफ्टी दो प्रतिशत से अधिक चढ़ गए। तीस शेयरों वाले सूचकांक की शुरुआत सकारात्मक हुई और निवेशकों के समर्थन से एक समय यह 1,469.64 अंक तक की बढ़त लेने में सफल रहा। हालांकि, बाद में थोड़ा मुनाफावसूली होने से इसमें कुछ कमी आई। कारोबार के अंत में यह 1,223.24 अंक यानी 2.29 प्रतिशत की तेजी के साथ 54,647.33 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में भी 331.90 अंक यानी 2.07 प्रतिशत तक की देखी दर्ज की गई और कारोबार के अंत में यह 16,345.35 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से एशियन पेंट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड, बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंडसइंड बैंक, बजाज फिनसर्व, मारुति सुजुकी, एचडीएफसी बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट फायदे में रहीं।
यूरोपीय बाजारों एवं अमेरिकी वायदा कारोबार में सुस्ती के बीच निवेशकों को भारतीय बाजार अपना मौजूदा मूल्यांकन बेहतर लग रहा है। नायर ने कहा कि घरेलू बाजार विधानसभा चुनावों पर आए एग्जिट पोल पर सकारात्मक रुख दिखा रहा है। उन्होंने कहा कि पांच राज्यों के चुनाव नतीजों के सकारात्मक या नकारात्मक रहने के आधार पर बाजार का अगला रुख निर्भर करेगा। एशिया के अन्य बाजारों में हांगकांग, शंघाई और तोक्यो में गिरावट रही।
अमेरिका के शेयर बाजार मंगलवार को नकारात्मक स्तर पर बंद हुए थे। वहीं यूरोपीय बाजारों में दोपहर के सत्र में बढ़त देखी गई। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ 126.4 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। भारतीय बाजार में विदेशी निवेशकों की बिकवाली का सिलसिला कायम है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 8,142.60 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।