By अभिनय आकाश | Apr 13, 2022
यूक्रेन रूस जंग और तीसरे विश्वयुद्ध की आहट के बीच बीते दिनों अमेरिका में बड़ा हमला हुआ। अमेरिका के न्यूयॉर्क में एक मेट्रो स्टेशन पर हुई फायरिंग में 16 लोग घायल हो गए जबकि तीन की हालत गंभीर है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हमलावर ने 33 राउंड फायरिंग की जिसमें 8 लोग घायल हो गए जबकि बाकी लोग भगदड़ की वजह से जख्मी हुए। कुछ लोग इसे आतंकी घटना कह रहे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी तक आतंकी घटना के सबूत नहीं मिले हैं और हर एक एंगल से जांच की जा रही है। संदिग्ध की तलाश भी जारी है।
अमेरिका में हर नागरिक को बंदूक रखने का अधिकार
अमेरिका का संविधान अपने हर नागरिक को बंदूक रखने का अधिकार देता है। जितनी आसानी से फल और सब्जियां मिलती हैं आप दुकान पर चाहिए और अपनी मनपसंद गन खरीद सकते हैं। इसका नतीजा यह है कि पिछले 50 सालों में अमेरिका में 14 लाख से ज्यादा लोग बंदूक के जरिए होने वाली हिंसा में मारे गए।
अमेरिका में कई संगठन हैं जो विदेशों में मानवाधिकारों के लिए काम करते हैं। इसके अलावा, वे कुछ देशों को "वहां मानव अधिकार सुनिश्चित करने" के लिए धन भी भेजते हैं। हालाँकि, 2019 में एक ग्लोबल एटीट्यूड सर्वे से पता चलता है कि अमेरिका में 59% लोग अपनी लोकतांत्रिक व्यवस्था से संतुष्ट नहीं हैं। जबकि भारत में केवल 26% लोग ही ऐसा महसूस करते हैं।
नागरिकों से ज्यादा बंदूक
2015 में वॉशिंगटन पोस्ट में छपी एक रिपोर्ट बताती है कि अमेरिका में जनसंख्या से ज्यादा तो बंदूकें हैं। रिपोर्ट में कहा गया कि जहां 2013 में अमेरिका की जनसंख्या 31 करोड़ 70 लाख थी, वहीं आम नागरिकों के पास बंदूकों की संख्या उससे ज्यादा यानि 35 करोड़ 70 लाख थी। बंदूक की इतनी ज्यादा तादाद से अंदाजा लगाया जा सकता है कि अमेरिका में गन को हासिल करना नागरिकों के लिए बहुत मुश्किल काम नहीं है।