By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 06, 2025
झारखंड के गुमला जिले में शनिवार को एक पिकअप वैन की चपेट में आने से एक छात्र की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार घटना सुबह करीब 7:30 बजे भरनो थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-23 रांची-गुमला पर नवाटोली नहर के पास हुई।
उन्होंने बताया कि फरहान मिरदाहा नामक छात्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि मुर्सिल मिदाहा नाम का छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। अधिकारी ने बताया कि घायल छात्र को रांची के जसलोक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारी ने बताया कि हादसे के बाद, ग्रामीणों ने मृतक के परिवार के लिए मुआवजे की मांग करते हुए भरनो चौक पर राष्ट्रीय राजमार्ग-23 जाम कर दिया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।