देश में प्रथम महिला मुख्यमंत्री का खिताब हासिल करने वाली स्वतंत्रता संग्राम सेनानी 'सुचेता कृपलानी'

By दीपक कुमार त्यागी | Dec 01, 2020

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर भारत की आजादी के आंदोलन में अपना बचपन से ही अनमोल योगदान देने वाली स्वतंत्रता सेनानी सुचेता कृपलानी एक कुशल राजनीतिज्ञ भी थीं। उनको आजाद भारत में उत्तर प्रदेश की प्रथम महिला मुख्यमंत्री के साथ भारत की किसी भी राज्य की प्रथम महिला मुख्यमंत्री होने का गौरव प्राप्त हुआ था। आज 1 दिसंबर को पुण्यतिथि पर उनके संघर्षशील जीवन के बारे में कुछ जानने का प्रयास करते हैं। सुचेता कृपलानी का जन्म 25 जून, 1908 को भारत के हरियाणा राज्य के अम्बाला शहर के एक बंगाली ब्राह्मण परिवार में हुआ था। सुचेता कृपलानी के पिता एस.एन. मजुमदार ब्रिटिश सरकार के अधीन एक डॉक्टर होने के बावजूद बेहद पक्के देशप्रेमी देशभक्त व्यक्ति थे। बचपन से ही अंग्रेज शासकों की भारतीय जनता के प्रति क्रूरता पूर्ण रवैये के खिलाफ सुचेता मजुमदार के मन में जबरदस्त गुस्सा रहता था, उनके मन में देश सेवा का भाव और देश के लिए कुछ कर गुजरने का जुनूनी जज्बा हर वक्त रहता था। सुचेता की शिक्षा लाहौर और दिल्ली में हुई थी। वह दिल्ली के इन्द्रप्रस्थ कॉलेज और बाद में पंजाब विश्वविद्यालय से पढ़ीं। जिसके बाद वह बनारस हिन्दू विश्विद्यालय में इतिहास की प्राध्यापक बनीं थी।

सुचेता कृपलानी अरुणा आसफ अली और ऊषा मेहता के साथ देश की आजादी के आंदोलन में शामिल हुई। उन्होंने भारत छोड़ो आंदोलन में अपना योगदान दिया, बंगाल के दंगाग्रस्त क्षेत्र नोआखली में महात्मा गांधी के साथ दंगा पीडित इलाकों में पीड़ित महिलाओं व अन्य लोगों की हर संभव मदद की, दंगों में महिलाओं पर होने वाले अत्याचारों की वजह से वह खुद की सुरक्षा के लिए साइनाइड का कैप्सूल हर समय अपने साथ लेकर चलती थी। वह एक ऐसी निड़र महिला थीं, जिसमें देशभक्ति व जुझारूपन कूट-कूट कर भरा था। जिसका उदाहरण उन्होंने भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान दिया। भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान जब अंग्रेजी सरकार ने सारे पुरुष नेताओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, उस समय सुचेता कृपलानी ने अपनी कुशाग्र बुद्धिमत्ता व जुझारूपन का परिचय देते हुए कहा था कि ‘बाकियों की तरह मैं भी जेल चली गई तो आंदोलन को आगे कौन बढ़ाएगा।’ इस दौरान उन्होंने भूमिगत होकर कांग्रेस का महिला विभाग बनाया और अंग्रेजी पुलिस से छुपते-छुपाते दो साल तक जोरशोर से आंदोलन भी चलाया। उन्होंने नौकरी छोड़कर देश को आजाद करवाने का वीणा उठा लिया था, उन्होंने इसके लिए एक ‘अंडरग्राउण्ड वालंटियर फोर्स’ बनाई और महिलाओं और लड़कियों को ड्रिल, लाठी चलाना, प्राथमिक चिकित्सा प्रदान करना और आत्मरक्षा के लिए हथियार चलाने की ट्रेनिंग भी दी थी। इसके साथ-साथ उन्होंने राजनैतिक कैदियों के परिवार की सहायता करने की जिम्मेदारी का बेहद कुशलतापूर्वक निर्वहन किया था। आजादी के बाद जब देश में संविधान बनाने के लिए संविधान सभा की जब उपसमिति बनी तो उसमें शामिल होकर सुचेता देश की महिलाओं का प्रतिनिधित्व कर रही थीं। संविधान बना इसमें महिलाओं के अधिकारों को लेकर सुचेता बेहद मुखर रही थीं। 14 अगस्त 1947 के जवाहरलाल नेहरू के ट्रिस्ट विद डेस्टिनी स्पीच से पहले इन्होंने वंदे मातरम का गायन किया था, सुचेता एक फेमस सिंगर भी थीं।

इसे भी पढ़ें: भारतीय मूल्यों की प्रखर प्रवक्ता थीं पूर्व राज्यपाल व साहित्यकार मृदुला सिन्हा

वर्ष 1952 में आचार्य जे. बी. कृपलानी के जवाहरलाल नेहरू से संबंध खराब हो गये थे, तो उन्होंने अपनी अलग पार्टी 'कृषक मजदूर प्रजा पार्टी' बना ली थी और यह पार्टी आजाद भारत में जब पहले लोकसभा चुनाव हुए तो कांग्रेस के खिलाफ खड़ी हो गई थी। वर्ष 1952 के लोकसभा चुनाव में सुचेता कृपलानी इसी पार्टी से लड़ीं और नई दिल्ली से चुनाव जीत करके आईं। वर्ष 1957 में वह कांग्रेस से सुलह होने के चलते लगातार दूसरी बार नई दिल्ली से कांग्रेस की सांसद चुनी गईं थी और जवाहरलाल नेहरू ने इनको राज्यमंत्री बनाया। इसके बाद नेहरू ने इनको उत्तर प्रदेश में राजनीति करने के लिए भेज दिया और वह उत्तर प्रदेश विधानसभा की बस्ती जनपद की मेंढवाल विधानसभा से सदस्य चुनीं गयीं। सन 1963 में उन्हें उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया गया। करीब 3 साल 162 दिनों तक वह वर्ष 1967 तक मुख्यमंत्री पद पर बनी रहीं। उनके कार्यकाल के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा में जो मामला था, वो था कर्मचारियों की हड़ताल का। लगभग 62 दिनों तक चली इस हड़ताल का सुचेता कृपलानी ने बहुत ही बखूबी से सामना किया। सुचेता एक बेहद मंझे हुए नेता की तरह प्रशासनिक फैसले लेते समय दिल की नहीं बल्कि अपने दिमाग की सुनती थीं। उसी के बलबूते उन्होंने अंत में कर्मचारियों की मांगों को पूरा किए बिना हड़ताल को सफलतापूर्वक तुड़वा दिया था। वर्ष 1971 में सुचेता कृपलानी ने सक्रिय राजनीति से संन्यास ले लिया था। 1 दिसंबर 1974 के दिन इस महान स्वतंत्रता सेनानी ने दुनिया को अलविदा कह दिया और आखिरी सांस ली। आज 1 दिसंबर को महान स्वतंत्रता सेनानी सुचेता कृपलानी को पुण्यतिथि पर हम सभी देशवासी कोटि-कोटि नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।

दीपक कुमार त्यागी

स्वतंत्र पत्रकार, स्तंभकार

प्रमुख खबरें

Assam में Bakrid से पहले मस्जिद कमेटियों का बड़ा फैसला, गाय की कुर्बानी पर लगाई रोक, CM Sarma ने की तारीफ

Delhi Gymkhana Club खाली करने के आदेश पर भड़कीं Kiran Bedi, बोलीं- यह बेहद दुखद फैसला

IIT Delhi और Indian Startup का कमाल, Optimist AC खत्म करेगा बिजली बिल और सर्विस Fraud की टेंशन

Bachendri Pal Birthday: Mount Everest पर तिरंगा फहराने वाली Bachendri Pal की कहानी, जिसने दुनिया में बढ़ाया India का मान