By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026
उच्चतम न्यायालय ने दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर के परिवार के बीच संपत्ति विवाद को लेकर चल रही मध्यस्थता प्रक्रिया को बंद करते हुए कहा कि समझौता कराने की कोशिशें किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकीं, इसलिए अब दोनों पक्षों को कानूनी ‘‘लड़ाई’’ के लिए तैयार हो जाना चाहिए। न्यायमूर्ति जे. बी. पारदीवाला और न्यायमूर्ति के. विनोद चंद्रन की पीठ ने बृहस्पतिवार को पूर्व प्रधान न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ द्वारा सौंपी गई एक रिपोर्ट का संज्ञान लिया। न्यायमूर्ति चंद्रचूड़ को मई में अदालत द्वारा मध्यस्थ नियुक्त किया गया था।
रिपोर्ट से पता चला है कि संजय कपूर की मां, रानी कपूर के दावों का निस्तारण करने की कोशिशें 15 दौर की बैठकों के बावजूद किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकीं। मध्यस्थता की कार्यवाही को औपचारिक रूप से बंद करते हुए पीठ ने कहा, ‘‘समझौते के लिए किसी को मजबूर नहीं किया जा सकता।’’ न्यायमूर्ति पारदीवाला ने कहा कि जल्द ही एक आदेश जारी किया जाएगा, जिसमें दिल्ली उच्च न्यायालय से आग्रह किया जाएगा कि वह पारिवारिक ट्रस्ट की संपत्ति की सुरक्षा और संरक्षण से जुड़ी अंतरिम अर्जी पर जल्द से जल्द विचार करे। यह नतीजा शीर्ष अदालत की उस कोशिश के लिए एक झटका है, जिसका मकसद ‘सोना ग्रुप’ से जुड़ी संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद को एक लंबी कानूनी लड़ाई का रूप लेने से रोकना था।
अगस्त में, पीठ ने मामले में हुई प्रगति पर संतोष जताया था। उसने बताया कि छह सत्र आयोजित किए गए हैं और सभी पक्ष एक ‘‘व्यापक समाधान’’ तलाशने में सहयोग कर रहे हैं। पीठ ने इस प्रक्रिया को दो नवंबर तक के लिए बढ़ा दिया था।
हालांकि, बृहस्पतिवार को यह पता चला कि बातचीत दो बड़े मतभेदों को सुलझाने में विफल रही - रानी कपूर के दावे, और अभिनेत्री करिश्मा कपूर के साथ शादी से हुए संजय कपूर के दो बच्चों को ट्रस्ट के ढांचे से बाहर निकालने की प्रक्रिया। शीर्ष अदालत को बताया गया कि न्यायमूर्ति चंद्रचूड़ दूसरे मुद्दे को सुलझाने को लेकर आशान्वित थे, लेकिन रानी कपूर के दावों पर बातचीत किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। रानी कपूर की ओर से अदालत में पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ दवे ने कहा कि उनकी मुवक्किल ने समझौते का एक प्रस्ताव रखा था, लेकिन छह महीने बीत जाने के बाद भी दूसरी तरफ से कोई जवाबी प्रस्ताव नहीं मिला।
संजय कपूर की पत्नी प्रिया सचदेव कपूर की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी ने इस बात का विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि रानी कपूर अपनी बहू के साथ एक संयुक्त सत्र में हिस्सा लेने के लिए तैयार नहीं थीं। रोहतगी ने सवाल किया, ‘‘वह एक ही मुलाकात के बाद बाहर आ गईं और अब बहू को दोष दे रही हैं।
क्या यह सही है?’’ पीठ ने जब अलग-अलग दावों के बारे में पूछा, तो विवाद का दायरा सामने आ गया। दवे ने रानी कपूर की मांग 6,000 करोड़ रुपये बताई, जबकि दूसरे पक्ष के वकील ने ट्रस्ट की संपत्ति लगभग 30,000 करोड़ रुपये बताई। करिश्मा कपूर के बच्चों की ओर से अदालत में पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता महेश जेठमलानी ने कहा कि वे 24 से 26 प्रतिशत हिस्से के हकदार हैं।
प्रिया कपूर की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता अभिमन्यु भंडारी ने कहा कि वह 60 प्रतिशत हिस्से की हकदार हैं, जबकि बाकी 40 प्रतिशत हिस्सा संजय कपूर के बच्चों के बीच बांटा जाना चाहिए।