राजस्थान में नदी प्रदूषण पर Supreme Court सख्त, अवमानना कार्यवाही की चेतावनी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

उच्चतम न्यायालय ने जोजरी-बांडी-लूनी नदी तंत्र में प्रदूषण के मामले में ढिलाई बरतने को लेकर शुक्रवार को राजस्थान सरकार को कड़ी फटकार लगाई। शीर्ष अदालत ने अधिकारियों को उनकी कुंभकर्णी नींद से जगाने के लिए कड़े कदम उठाने की चेतावनी भी दी। न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति संदीप मेहता की पीठ ने कहा कि यदि राज्य के अधिकारी इस मामले में कार्रवाई नहीं करते हैं, तो शीर्ष अदालत उनके खिलाफ स्वतः संज्ञान लेते हुए अवमानना की कार्यवाही शुरू कर सकती है।

राजस्थान सरकार की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एस.वी. राजू से पीठ ने कहा, ‘‘आप सरकार को बेहतर ढंग से सलाह दीजिए और उसे (सरकार को) जमीनी स्तर पर काम करने के लिए कहिए, ताकि उसे इस अदालत का कोपभाजन न बनना पड़े।’’ पीठ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा, ‘‘वे (अधिकारी) कुछ भी करना ही नहीं चाहते। उन्हें नींद से जगाने के लिए हमें निश्चित रूप से कोई कड़ा कदम उठाना पड़ेगा। हम लालफीताशाही या नौकरशाही की अड़चनों के कारण इस मामले को यूं ही नहीं जाने देंगे।

यदि वे नींद से जागकर कार्रवाई नहीं करेंगे, तो हम उनके खिलाफ सख्त कदम उठाएंगे।’’ शीर्ष अदालत जोजरी नदी में प्रदूषण से जुड़े मामले की स्वतः संज्ञान लेकर सुनवाई कर रही है। पीठ ने बांडी और लूनी नदियों में प्रदूषण के मुद्दे को भी गंभीरता से लिया था। जोजरी नदी जोधपुर से होकर गुजरती है, जबकि बांडी नदी पाली और लूनी नदी बालोतरा से होकर बहती है।

बांडी और जोजरी नदियां बालोतरा शहर के पास लूनी नदी में मिल जाती हैं। मामले में अदालत की सहायता कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता बलबीर सिंह ने शुक्रवार को सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत के 26 अक्टूबर के आदेश का हवाला दिया। उन्होंने शीर्ष अदालत के उस निर्देश का उल्लेख किया, जिसमें राज्य सरकार को नदी पारिस्थितिकी तंत्र के आसपास या उसके निकट नए औद्योगिक प्रतिष्ठानों की स्थापना की अनुमति देने से रोक दिया गया था।

यह रोक तब तक लागू रहेगी, जब तक बाढ़ के उच्चतम स्तर और बफर जोन का वैज्ञानिक तरीके से निर्धारण नहीं कर लिया जाता। जब वरिष्ठ अधिवक्ता ने इस मामले में राज्य सरकार के जवाब का जिक्र किया, तो पीठ ने टिप्पणी की, ‘‘यह पूरी तरह से लचर कार्रवाई का मामला है।’’ उन्होंने बताया कि शीर्ष अदालत के 26 अक्टूबर के निर्देश के अनुसार, राज्य सरकार ने लूनी, जोजरी और बांडी नदियों तथा उनकी सहायक नदियों को प्रभावित करने वाले संगठित अवैध बजरी खनन की व्यापक जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। उन्होंने बताया कि अदालत में दाखिल वस्तुस्थिति रिपोर्ट के अनुसार, इस संबंध में कुछ प्राथमिकी भी दर्ज की गई हैं।

इस पर राज्य सरकार की ओर से पेश विधि अधिकारी ने पीठ को मामले में राज्य के अधिकारियों द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी दी। शीर्ष अदालत ने बालोतरा में पेयजल की गंभीर कमी का मुद्दा भी उठाया। पीठ ने टिप्पणी की, ‘‘सरकार इस क्षेत्र में रहने वाले लाखों लोगों को पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए पाइपलाइन क्यों नहीं बिछा सकती?’’ शीर्ष अदालत ने इसके लिए नर्मदा नहर से करीब 100 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने का सुझाव दिया।

पीठ ने कहा, ‘‘यदि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर यह काम कर पाती हैं, तो यह इस क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद सराहनीय कदम होगा।’’ शीर्ष अदालत ने इस मामले में आदेश पारित करने के लिए सुनवाई की अगली तारीख 10 दिसंबर तय की।

प्रमुख खबरें

संजय कपूर संपत्ति विवाद: Supreme Court ने खत्म की मध्यस्थता, 15 दौर की बातचीत बेनतीजा

Gabba में Jamie Overton का कहर, Australia को 108 पर समेट England ने जीता तीसरा T20I

लागत घटाने और AI अपनाने के लिए Swiggy Instamart करेगा 340 कर्मचारियों की Layoff

Tripura civic polls: 16 नगर निकायों में दोपहर 3 बजे तक 72 फीसदी मतदान दर्ज