By एकता | Oct 11, 2026
10 अक्टूबर को दिल्ली में हुए प्रदर्शनों के दौरान पुलिस और अर्धसैनिक बलों की कार्रवाई और लोगों को हिरासत में लिए जाने के खिलाफ दायर याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही है। जस्टिस जयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ इस मामले की सुनवाई कर रही है।
सुनवाई के दौरान वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने लोगों को हिरासत में लेने और धारा 163 के तहत रोक लगाने के आदेश को चुनौती दी। उन्होंने कहा कि पुलिस लोगों को ट्रेनों से उतारकर हिरासत में ले रही है। सिब्बल ने इंटरनेट सेवाएं बंद किए जाने पर भी सवाल उठाए। इस दौरान उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के पुराने अनुराधा भसीन मामले के फैसले का हवाला दिया।
वरिष्ठ वकील शदान फरासत ने प्रदर्शनकारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा अदालत में उठाया। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों को घसीटकर बसों में डाला जा रहा है और फिर उन्हें बसों से बाहर फेंका जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि निहत्थे बच्चों और छात्रों की पिटाई की गई। मीडिया में ऐसी तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें शदान फरासत खुद पुलिस की हिरासत में नजर आ रहे हैं।
वरिष्ठ वकील एन हरिशरण ने अदालत में कहा कि मौजूदा हालात ऐसे हो गए हैं कि नागरिकों से शहर में आने-जाने का अधिकार भी छीन लिया गया है।