By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 17, 2026
उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को शीघ्र सुनवाई के अधिकार को पीड़ित का एक ‘‘अहम अधिकार’’ बताते हुए इलाहाबाद उच्च न्यायालय का वह आदेश रद्द कर दिया, जिसमें हत्या के एक मामले में सुनवाई को रोक दिया गया था। उच्च न्यायालय ने पिछले साल अगस्त में दिए गए अपने आदेश में विशेष न्यायाधीश को यह निर्देश भी दिया था कि वह ‘उत्तर प्रदेश गैंगस्टर और असामाजिक गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1986’ के तहत दर्ज मामले की कार्यवाही में तेज़ी लाएं, ताकि धारा 12 में शामिल अनिवार्य प्रावधानों के मकसद को पूरा किया जा सके। गैंगस्टर अधिनियम की धारा 12 विशेष अदालतों द्वारा सुनवाई को प्राथमिकता देने से संबंधित है।
पीठ ने कहा कि अपील करने वाले व्यक्ति ने अपने भाई की हत्या के मामले में सितंबर 2023 में नौ लोगों के खिलाफ़ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ आरोपत्र दायर किया। नवंबर 2023 में, थाना प्रभारी ने एक रिपोर्ट तैयार की, जिसमें कहा गया कि आरोपी ने एक संगठित गिरोह के सदस्य के तौर पर अपराध किया था।
इसके आधार पर एक ‘गैंग चार्ट’ तैयार किया गया और यह उच्चाधिकारियों को भेज दिया गया। जनवरी 2024 में, गैंग चार्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ उप्र गैंगस्टर अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। शीर्ष अदालत ने उल्लेख किया कि पिछले साल जनवरी में, सात आरोपियों ने निचली में एक अर्ज़ी दायर की थी, जिसमें उन्होंने हत्या के मामले की कार्यवाही को कुछ समय के लिए रोकने का आग्रह किया, क्योंकि वे गैंगस्टर अधिनियम के तहत जारी कार्यवाही में भी आरोपी थे।
आरोपियों ने कहा था कि उनके खिलाफ किसी भी दूसरे मामले की सुनवाई के मुकाबले गैंगस्टर अधिनियम के तहत सुनवाई को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। निचली अदालत ने अर्ज़ी खारिज कर दी थी। इस आदेश से असंतुष्ट एक आरोपी ने उच्च न्यायालय का रुख किया, जिसने निर्देश दिया कि हत्या के मामले में सुनवाई को फिलहाल रोक दिया जाए और गैंगस्टर अधिनियम के तहत जारी कार्यवाही में तेज़ी लाई जाए।
शीर्ष अदालत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 346 का ज़िक्र किया, जो कार्यवाही को टालने या स्थगित करने की शक्ति से संबंधित है। इसने उच्च न्यायालय के आदेश को ‘‘पूरी तरह बेबुनियाद’’ बताते हुए रद्द कर दिया।