By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 26, 2026
उच्चतम न्यायालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित विवादित दीपथून स्तंभ पर परंपरागत धार्मिक दीप नहीं जलाए जाने से जुड़े विवाद के संबंध में दायर अवमानना याचिकाओं और अन्य आवेदनों को 27 नवंबर को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जाएगा। न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ को मामले में पेश वकीलों ने बताया कि इस मुद्दे पर कई अवमानना याचिकाएं और आवेदन दायर किए गए हैं। पीठ ने कहा, ‘‘सभी मामलों को कल सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जाएगा।’’ तमिलनाडु सरकार ने विवादित दीपथून स्तंभ पर धार्मिक दीप नहीं जलाए जाने को लेकर बुधवार को शीर्ष अदालत से माफी मांगी थी और इसके लिए अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया था।
शीर्ष अदालत ने स्वतः संज्ञान लेते हुए अवमानना कार्यवाही शुरू करने से इनकार कर दिया था, लेकिन कहा था कि यदि इस संबंध में कोई याचिका दायर की जाती है, तो वह उस पर सुनवाई करेगी। अदालत ने कहा था कि उसकी रजिस्ट्री दीप जलाने की अनुमति मांगने वाले आवेदनों और अवमानना याचिकाओं के दाखिल होने की पुष्टि करेगी तथा अदालत यह देखेगी कि क्या इन्हें बृहस्पतिवार या शुक्रवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जा सकता है। शीर्ष अदालत की अनुमति के बावजूद सोमवार को तिरुप्परनकुंद्रम में वार्षिक कार्तिगई दीपम केवल उसके पारंपरिक स्थल उचिपिल्लैयार मंडपम में जलाया गया, न कि पहाड़ी पर स्थित पत्थर के स्तंभ पर।
याचिकाकर्ताओं के वकील ने अधिकारियों पर शीर्ष अदालत के निर्देशों का जानबूझकर पालन नहीं करने का आरोप लगाते हुए अनुरोध किया कि संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आदेशों की ‘‘जानबूझकर अवहेलना’’ करने के लिए स्वतः संज्ञान लेकर अवमानना कार्यवाही शुरू की जाए। मदुरै के अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर में कार्तिगई दीपम से जुड़ा विवाद इस बात पर केंद्रित है कि तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर दीप कहां और किसके द्वारा जलाया जाना चाहिए। यह घटनाक्रम उच्चतम न्यायालय के 20 नवंबर के उस आदेश के बाद सामने आया है, जिसमें अदालत ने एक बार के लिए विशेष अनुमति देते हुए 24 नवंबर को तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी के शीर्ष पर स्थित पत्थर के स्तंभ ‘दीपथून’ पर दीप जलाने की इजाजत दी थी।
दशकों से पहाड़ी के निचले हिस्से में स्थित उचिपिल्लैयार मंदिर के पास दीप मंडपम में दीप जलाया जाता रहा है। हिंदू संगठनों ने पहाड़ी पर अधिक ऊंचाई पर स्थित दीपथून स्तंभ पर दीप जलाने की अनुमति मांगी थी, जो एक दरगाह से लगभग 50 मीटर की दूरी पर है। दरगाह पक्ष ने शीर्ष अदालत को बताया था कि तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी के पूरे शीर्ष क्षेत्र पर उसका मालिकाना हक है और उसने हिंदू श्रद्धालुओं की मांग का विरोध किया था।
तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर केवल पारंपरिक स्थल पर कार्तिगई दीपम जलाए जाने के बाद मंदिर के न्यासी मंडल ने एक बयान में कहा था कि लंबे समय से चली आ रही धार्मिक परंपराओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।