Prabhasakshi NewsRoom: जहांगीरपुरी में दौड़ते बुलडोजरों पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक

By नीरज कुमार दुबे | Apr 20, 2022

नमस्कार न्यूजरूम में आप सभी का स्वागत है। यूपी, मध्य प्रदेश, गुजरात के बाद अब देश की राजधानी दिल्ली में भी बुलडोजर दौड़ रहा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जहांगीरपुरी में अवैध निर्माण को हटाने के लिए बुधवार सुबह भाजपा शासित उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने कार्रवाई शुरू की और कई अवैध निर्माणों को ढहा दिया। जो अवैध निर्माण ढहाये गये हैं उनमें अस्थायी रूप से बनायी गयी दुकानें और स्थायी रूप से बनाये गये अवैध मकान और दुकानें भी शामिल हैं। इसके साथ ही सड़कों पर रखे गये कबाड़ को भी हटाया गया। हम आपको बता दें कि जहांगीरपुरी वही इलाका है जहां हनुमान जयंती के दिन साम्प्रदायिक हिंसा हुई थी। उत्तरी दिल्ली नगर निगम का कहना है कि यह कार्रवाई अतिक्रमण के विरोध में है। नगर निगम की इस कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी है। नगर निगम की इस कार्रवाई के विरोध में आवाजें भी उठ रही हैं लेकिन निगम का कहना है कि सिर्फ अवैध निर्माणों को ही हटाया जा रहा है।

इस बीच नगर निगम की इस कार्रवाई के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका भी दायर की गयी है जिस पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने जहांगीरपुरी में यथास्थिति बनाये रखने के आदेश दिये हैं। सुप्रीम कोर्ट में कल भी इस मामले पर सुनवाई होने के आसार हैं। इस बीच, उत्तरी दिल्ली नगर निगम के मेयर राजा इकबाल सिंह का कहना है कि यह कार्रवाई अतिक्रमण के विरोध में की जा रही है और इसमें कहीं कोई राजनीति नहीं है। उन्होंने कहा कि हमें सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बारे में पता चला है जिसके बाद हम कार्रवाई को फिलहाल रोक रहे हैं।

ओवैसी का पलटवार

इस बीच इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी का दौर भी जारी है। सांसद असद्दुदीन ओवैसी ने उत्तरी दिल्ली नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि नाम देखकर कार्रवाई हो रही है। उन्होंने हैदराबाद में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि जो हिन्दू हैं उनके घरों को छोड़ा जा रहा है लेकिन गरीब मुस्लिमों के घरों और दुकानों को ढहाया जा रहा है।

इलाके में तनाव!

हम आपको बता दें कि ऐसा माना जाता है कि इस इलाके में बढ़ी संख्या में बांग्लादेशी और रोहिंग्या रहते हैं। इनके बारे में कहा जाता है कि यह लोग अक्सर कानून व्यवस्था के लिए मुसीबत का सबब बनते हैं और इन लोगों ने इलाके में कई अवैध कब्जे किये हुए हैं।

इसे भी पढ़ें: जहांगीरपुरी हिंसा मामले में दिल्ली पुलिस की सख्त कार्रवाई, अंसार सहित पांच आरोपियों पर लगाया NSA

पुलिस की कार्रवाई

इस बीच, दिल्ली पुलिस ने जहांगीरपुरी में हुई हिंसा के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों पर सख्त राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) लगाया है। उल्लेखनीय है कि जहांगीरपुरी में शनिवार को शोभायात्रा के दौरान दो समुदायों के बीच झड़प हुई थी जिसमें आठ पुलिसकर्मी और एक स्थानीय निवासी घायल हो गया था। पुलिस के अनुसार, झड़पों के दौरान पथराव और आगजनी हुई और कुछ वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया गया था। पुलिस ने कहा कि कड़े कानून के तहत जिन पर मामला दर्ज किया गया है उनमें हिंसा का कथित ‘‘मुख्य साजिशकर्ता’’ अंसार और सोनू शामिल हैं, जिसे शनिवार को हिंसा के दौरान एक वीडियो में गोलीबारी करते हुए देखा गया था। उन्होंने बताया कि इनके अलावा सलीम, दिलशाद और अहिर के खिलाफ भी एनएसए लगाया गया है।

प्रमुख खबरें

SEBI Order के खिलाफ SAT पहुंचे Zee Entertainment और Punit Goenka, बुधवार को होगी अहम सुनवाई

Lionel Messi को चैंपियन बनाने वाले पिता Jorge Messi का निधन, दिग्गज Rafael Nadal ने जताया गहरा शोक

Aston Villa छोड़ PSG लौटे Lucas Digne, 11 साल बाद फिर पहनेंगे पेरिस की जर्सी, 2029 तक हुआ Deal साइन

5 साल के फतेह ने Thailand में रचा इतिहास, Gatka on Skates में जीता World Martial Arts Games Gold Medal