By अभिनय आकाश | Nov 14, 2026
महाराष्ट्र में नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के बीच संभावित गठबंधन को लेकर चल रही अटकलों के बीच, शरद पवार की बेटी और NCP (SP) नेता सुप्रिया सुले ने कहा है कि उनके भाई अजीत पवार के निधन के बाद इस मामले पर बातचीत खत्म हो गई है। उन्होंने कहा कि मैंने यह बात कई बार कही है। मैं हाथ जोड़कर एक बार फिर बहुत स्पष्ट रूप से कह रही हूं। मैं इस मुद्दे से तंग आ चुकी हूं।
सुले ने बताया कि उनके भाई अजीत पवार के साथ संभावित गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही थी। हालाँकि, उन्होंने कहा कि उनके निधन के बाद यह बातचीत खत्म हो गई। उन्होंने कहा मेरे भाई के साथ बातचीत चल रही थी। जब तक अजीत पवार थे, तब तक गठबंधन को लेकर चर्चा हो रही थी। एक तारीख भी तय हो गई थी। लेकिन मेरे भाई के निधन के बाद, हमने अपनी तरफ से इस मामले पर पूर्ण विराम लगा दिया। सुले ने आगे कहा कि वह इस मामले पर अब और कोई टिप्पणी नहीं करेंगी और लोगों से अपील की कि वे पारिवारिक रिश्तों को राजनीति के साथ न मिलाएं। उन्होंने कहा आज से, मैं इस मुद्दे पर कुछ नहीं बोलूंगी। कृपया निजी रिश्तों को राजनीति के साथ न जोड़ें। उन्होंने सुनील तटकरे, छगन भुजबल और प्रफुल्ल पटेल का जिक्र करते हुए कहा कि इन सभी ने उनके पिता शरद पवार के साथ काम किया है। उन्होंने कहा मेरी परवरिश मुझे उनके बारे में कुछ भी नकारात्मक कहने की इजाजत नहीं देती। सत्ता आती-जाती रहती है, लेकिन परिवार हमेशा साथ रहता है। विभिन्न राजनीतिक दलों के बीच रिश्तों को याद करते हुए, सुले ने कहा कि उनकी पार्टी ने कई मौकों पर पूर्व केंद्रीय मंत्रियों अरुण जेटली और सुषमा स्वराज की तारीफ की है। उन्होंने यह भी बताया कि पहलगाम की घटना के समय शरद पवार ने सरकार को समर्थन दिया था। उन्होंने आगे कहा 2023 में जो हुआ, वह हो गया, लेकिन हमारे पारिवारिक रिश्ते तब भी थे और आज भी कायम हैं।
सुले ने शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राउत को एक वरिष्ठ नेता और बड़े भाई के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें अपनी राय रखने का पूरा अधिकार है। उन्होंने कहा संजय राउत एक प्रमुख नेता और बड़े भाई हैं। उन्हें अपनी बात रखने का अधिकार है। अगर उन्हें कुछ महसूस हुआ, तो निश्चित रूप से उन्हें इस बारे में लिखने का हक है। ऐसे संपादकीय का स्वागत है। सुले ने आगे दावा किया कि उन्हें अजित पवार गुट की ओर से किसी संभावित गठबंधन को लेकर कोई संदेश या सूचना नहीं मिली है। उन्होंने कहा सुप्रिया सुले को अजित पवार गुट की तरफ से कोई फोन कॉल, मैसेज, ईमेल, चैटजीपीटी (ChatGPT) मैसेज या व्हाट्सएप संदेश नहीं मिला है। प्रफुल्ल पटेल के साथ अपने परिवार के पुराने संबंधों का जिक्र करते हुए सुले ने कहा कि उनका रिश्ता 60 साल से भी ज्यादा पुराना है। उन्होंने कहा हम एक साथ जेपीसी (संयुक्त संसदीय समिति) में काम करते हैं। आपको अपने सूत्रों को हटा देना चाहिए। वे सही जानकारी नहीं दे रहे हैं। हां, जेपीसी के संदर्भ में हमारी कई अन्य लोगों के साथ बातचीत होती है।
सुले ने NDA में शामिल होने से जुड़ी किसी भी तरह की बातचीत से साफ इनकार कर दिया। परिसीमन के मुद्दे पर उन्होंने बताया कि सरकार ने उन्हें कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक, पूरे देश में संसदीय सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने के प्रस्ताव के बारे में जानकारी दी थी। उन्होंने कहा, "हमने इस प्रस्ताव का समर्थन किया। हमने इस पर, और साथ ही महिलाओं के आरक्षण के मुद्दे पर भी सकारात्मक रुख अपनाया। तीन महीने पहले हमारा जो रुख था, वही आज भी है। सुले ने आगे कहा कि उन्हें जो मसौदा प्रस्ताव पेश किया गया था, उसमें सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की बात कही गई थी, जिस पर उन्होंने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि अतीत में कांग्रेस ने भी परिसीमन का काम किया था।