Maharashtra: Devendra Fadnavis से मिले NCP नेता Sunil Tatkare और धनंजय मुंडे

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

दक्षिण मुंबई में मुख्यमंत्री आवास पर राकांपा नेताओं ने देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर उन्हें दिवाली की बधाई दी। यह बैठक पूर्ववर्ती राकांपा के दोनों प्रतिद्वंद्वी गुटों के संभावित विलय की चर्चाओं और वित्त मंत्रालय की मांग की खबरों के बीच हुई है। हाल ही में सुनेत्रा पवार गुट के नेताओं ने शरद पवार से भी बातचीत की थी।

महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष सुनील तटकरे और उनके सहयोगी धनंजय मुंडे ने पूर्ववर्ती राकांपा के दोनों प्रतिद्वंद्वी गुटों के संभावित विलय को लेकर जारी राजनीतिक अटकलों के बीच बुधवार को यहां मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। इस मुलाकात में किसी राजनीतिक मुद्दे पर चर्चा हुई या नहीं, इस बारे में तत्काल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली। हालांकि, सूत्रों ने बताया कि राकांपा के दोनों नेताओं ने दक्षिण मुंबई स्थित फडणवीस के आवास पर उनसे मुलाकात की और उन्हें दिवाली की शुभकामनाएं दीं।

यह मुलाकात पूर्ववर्ती राकांपा के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर फिर से तेज हुई अटकलों और सत्तारूढ़ गुट की ओर से वित्त मंत्रालय का प्रभार दिए जाने की मांग की खबरों के बीच महत्वपूर्ण मानी जा रही है। फिलहाल वित्त मंत्रालय का प्रभार भाजपा नेता फडणवीस के पास है। भाजपा नीत महायुति सरकार में वित्त मंत्रालय का प्रभार दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार के पास था।

वह उस समय राकांपा के अध्यक्ष भी थे। अजित पवार की 28 जनवरी को विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। तटकरे, मुंडे और फडणवीस की यह मुलाकात पूर्ववर्ती राकांपा के दोनों प्रतिद्वंद्वी गुटों के संभावित विलय को लेकर राजनीतिक हलकों में चल रही चर्चाओं के बीच हुई है।

वरिष्ठ नेता शरद पवार विपक्षी राकांपा (एसपी) का नेतृत्व कर रहे हैं, जबकि सत्तारूढ़ राकांपा की कमान उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के पास है। पिछले सप्ताह सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राकांपा के कई नेताओं, जिनमें प्रफुल्ल पटेल और पार्थ पवार शामिल हैं, ने शरद पवार से मुलाकात की थी। इसके बाद दोनों गुटों के विलय की अटकलें तेज हो गई थीं।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने मंगलवार को कहा था कि भाजपा से विचार-विमर्श किए बिना दोनों गुटों का विलय नहीं हो सकता।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़