सुप्रिया सुले ने मृत डॉक्टर के परिजनों से मुलाकात की

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 03, 2025

राकांपा (एसपी) की लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले ने सोमवार को उस महिला डॉक्टर के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की, जिन्होंने महाराष्ट्र के सतारा जिले में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी।

बीड में डॉक्टर के परिवार से मुलाकात के बाद सुले ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से आग्रह किया कि घटना की जांच पूरी होने तक किसी को भी क्लीन चिट न दी जाए। उन्होंने निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए किसी सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किए जाने की भी मांग की।

सुले के साथ पार्टी सांसद बजरंग सोनवणे और पार्टी की युवा इकाई के अध्यक्ष महबूब शेख भी थे। बीड जिले की रहने वाली डॉक्टर को 23 अक्टूबर को सतारा के फलटन शहर में एक होटल के कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया गया था।

अपनी हथेली पर लिखे एक ‘सुसाइड नोट’ में, उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारी गोपाल बदाने ने उनके साथ कई बार बलात्कार किया, जबकि सॉफ्टवेयर इंजीनियर प्रशांत ने उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

एक अधिकारी ने शुक्रवार को कहा था कि मुख्यमंत्री फडणवीस, जिनके पास गृह विभाग है, ने राज्य के पुलिस महानिदेशक को तुरंत एक महिला आईपीएस अधिकारी के तहत एसआईटी गठित करने का निर्देश दिया है।

डॉक्टर के परिवार से मुलाकात के बाद सुले ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘इस मामले में कुछ सरकारी प्रतिनिधियों के बयान बेहद असंवेदनशील और परेशान करने वाले हैं। डॉक्टर महाराष्ट्र की सक्षम बेटी थी और उसे न्याय मिलना चाहिए। लोगों को लगता है कि मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन न्याय मिलने तक हम चुप नहीं रहेंगे।’’

सीडीआर (कॉल डेटा रिकॉर्ड) के कथित तौर पर लीक होने पर चिंता व्यक्त करते हुए, सुले ने सवाल उठाया कि चुनिंदा जानकारी कैसे सार्वजनिक की गई। राकांपा (एसपी) के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा, ‘‘जांच होने दीजिए। इतनी जल्दी क्यों है? जो भी दोषी है - चाहे वे कोई भी हो - दंडित किया जाना चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि सांसद सोनवणे जल्द ही दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर उन्हें मामले के तथ्यों से अवगत कराएंगे।

All the updates here:

प्रमुख खबरें

भव्य हिंदू परिचय सम्मेलन 8 फरवरी को जसोला विहार नई दिल्ली में

Budget के झटके से उबरा Share Market, निवेशकों की वापसी से Sensex 900 अंक मजबूत

Fashion Trend: अपने Wardrobe में शामिल करें ये Neon Heels, मिलेगा ग्लैमरस और स्टाइलिश लुक

Valentines पर Ex से लेना है बदला? Poland का Zoo लाया है अनोखा Cockroach ऑफर