हमेशा दूसरों की मदद के लिए सदैव तैयार रहती थीं सुषमा जी

By ब्रह्मानंद राजपूत | Aug 06, 2022

सुषमा स्वराज जी का जन्म सन 14 फरवरी 1952 को हरियाणा (तब पंजाब) राज्य की अम्बाला छावनी में हुआ। सुषमा जी के पिता का नाम हरदेव शर्मा और माता का नाम लक्ष्मी देवी था। सुषमा स्वराज विवाह पूर्व सुषमा शर्मा थीं। सुषमा स्वराज ने अम्बाला के सनातन धर्म कॉलेज से संस्कृत तथा राजनीति विज्ञान में स्नातक किया। सुषमा स्वराज ने पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ से कानून की डिग्री ली। सुषमा स्वराज तीन साल तक लगातार एस.डी कालेज छावनी की एन सी सी की सर्वश्रेष्ठ कैडेट रहीं और तीन साल तक राज्य की श्रेष्ठ वक्ता भी चुनी गईं। सुषमा जी ने अपने छात्र जीवन कई बार सर्वश्रेष्ठ वक्ता के पुरस्कार प्राप्त किये। 1973 में सुषमा स्वराज भारतीय सर्वोच्च न्यायलय में अधिवक्ता के पद पर कार्य करने लगी। सुषमा स्वराज जी का विवाह स्वराज कौशल के साथ 13 जुलाई 1974 को हुआ, जो सर्वोच्च न्यायालय में उनके सहकर्मी और साथी अधिवक्ता थे। अपनी शिक्षा पूर्ण करने के बाद सुषमा स्वराज जी ने जयप्रकाश नारायण के आन्दोलन में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। 1975 में आपातकाल का पुरजोर विरोध करने के बाद वे सक्रिय राजनीति से जुड़ गयीं। इसके बाद सुषमा स्वराज जी हरियाणा की राज्य सरकार के मंत्रिमंडल में देश की सबसे कम उम्र की कैबिनेट मंत्री के तौर पर साल 1977 में शामिल हुईं, उस समय सुषमा स्वराज जी की उम्र 25 साल की थीं। सुषमा स्वराज को साल 1979 में 27 साल की उम्र में हरियाणा राज्य में जनता पार्टी का अध्यक्ष चुना गया। 1979 में सुषमा स्वराज जी हरियाणा की पहली महिला पार्टी प्रमुख बनी थीं।  भारतीय जनता पार्टी के गठन के बाद 90 के दशक में सुषमा स्वराज जी भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गयी। इसके बाद एक बार फिर 1987 से 1990 तक वह अम्बाला छावनी से विशानसभा सदस्य रही, और भाजपा-लोकदल संयुक्त सरकार में शिक्षा मंत्री रही।

इसे भी पढ़ें: जयपुर की खूबसूरत महारानी को क्यों तिहाड़ जेल में गुजारने पड़े थे 156 दिन, जिनके महल में छापे के दौरान मिला था सोने का भंडार

सुषमा स्वराज जी साल 1990-1996 तक राज्यसभा सदस्य रहीं। 1996 में सुषमा स्वराज जी ने दक्षिण दिल्ली संसदीय क्षेत्र से चुनाव जीता, और 13 दिन की अटल बिहारी वाजपेयी जी की सरकार में सूचना और प्रसारण मंत्री रही। इसके साथ ही सुषमा जी भारतीय जनता पार्टी की तरफ से कैबिनेट मंत्री बनने वाली पहली महिला बनीं। सुषमा स्वराज जी ने साल 1996 में केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री रहते हुए पहली बार लोकसभा से सदन की कार्यवाही के सीधे प्रसारण की शुरुआत की थी। 1998 में सुषमा जी ने एक बार फिर  दक्षिण दिल्ली संसदीय क्षेत्र से चुनाव जीता। इस बार फिर से सुषमा स्वराज जी के पास वाजपेयी सरकार में दूरसंचार मंत्रालय के अतिरिक्त प्रभार के साथ सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का प्रभार था। वह केंद्रीय मंत्री के रूप में 19 मार्च 1998 से 12 अक्टूबर 1998 तक रहीं। इसके बाद सुषमा स्वराज जी को भारतीय जनता पार्टी द्वारा दिल्ली की मुख्यमंत्री बनाया गया इसके साथ ही सुषमा जी को दिल्ली की पहली महिला मुख्यमंत्री बनने का गौरव प्राप्त हुआ। इसके साथ ही  सुषमा स्वराज जी भारतीय जनता पार्टी की तरफ से किसी भी राज्य की पहली महिला मुख्यमंत्री बनीं। इसके बाद उमा भारती (मध्यप्रदेश), वसुंधरा राजे (राजस्थान), आनंदीबेन पटेल (गुजरात) की मुख्यमंत्री बनीं। सितंबर 1999 में उन्होंने कर्नाटक के बेल्लारी लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ा। अपने चुनाव अभियान के दौरान, उन्होंने स्थानीय कन्नड़ भाषा में ही सभाओं को संबोधित किया था। हालांकि वह बहुत ही कम अंतर से चुनाव हार गयी। लेकिन सुषमा स्वराज ने एक राष्ट्रीय नेता के रूप में अपनी पहचान बना ली थीं। इसके बाद साल 2000 में सुषमा स्वराज जी उत्तर प्रदेश से राजयसभा सदस्य चुनी गयीं तथा उन्हें फिर से केन्द्रीय मंत्रिमंडल में सूचना और प्रसारण मंत्री के रूप में शामिल किया गया था। साल 2003 में सुषमा स्वराज को  स्वास्थ्य, परिवार कल्याण और संसदीय मामलों में मंत्री बनाया गया, और सुषमा जी अटल जी की सरकार रहने  तक मंत्री रहीं। इसके साथ ही सुषमा स्वराज जी को किसी भी राजनैतिक दल  की पहली महिला प्रवक्ता होने का गौरव प्राप्त है। अप्रैल 2006 में सुषमा स्वराज को मध्य प्रदेश राज्य से राज्यसभा में तीसरे कार्यकाल के लिए फिर से निर्वाचित किया गया। इसके बाद सुषमा जी लगातार दो बार मध्य प्रदेश के विदिशा लोकसभा क्षेत्र से साल 2009 में 15वीं और साल 2014 में 16वीं लोकसभा के लिए सदस्य निर्वाचित हुई। साल 2009 में सुषमा स्वराज जी संसद में भारतीय जनता पार्टी की तरफ से पहली महिला नेता प्रतिपक्ष चुनी गईं और 2014 तक इस पद पर रहीं। इसके बाद नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साल 2014 में भारतीय जनता पार्टी ने सरकार बनायीं और इस सरकार में सुषमा स्वराज देश की पहली पूर्णकालिक महिला विदेश मंत्री थीं। सुषमा स्वराज ने विदेश मंत्री रहते हुए बहुत अच्छे कार्य किये, उनके विदेश मंत्री रहते हुए भारत देश ने बहुत देशों के साथ अच्छे राजनयिक सम्बन्ध स्थापित किये। अगर कोई पीड़ित व्यक्ति सुषमा जी को अपनी परेशानी को लेकर कोई ट्वीट करता था तो उसके एक ट्वीट पर मदद पहुँच जाती थी। अपने विदेश मंत्री रहते हुए सुषमा जी ने कई बिछड़ों को अपनों से मिलाया इसलिए लोग उन्हें मदर इंडिया भी कहने लगे थे। इसके साथ ही सुषमा जी ने विदेशों में बसे हर भारतीय को परेशानी में मदद पहुंचाई। विदेश मंत्री के तौर पर सुषमा स्वराज ने ‘यमन संकट’ के दौरान  चलाए गए ‘ऑपरेशन राहत’ में बहुत ही शानदार काम किया था। इस दौरान 4,741 भारतीय नागरिकों और 48 देशों के 1,947 लोगों को बचाया गया था। सुषमा स्वराज ने विदेशमंत्री रहते हुए युद्धग्रस्त इराक में फंसे 168 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला था। सुषमा स्वराज जी ने विदेशमंत्री रहते हुए मानवीयता के आधार पर भी कई शानदार फैंसले लिए, इसके लिए पूरे विश्व समुदाय में उनकी काफी तारीफ़ हुई। सुषमा स्वराज जी विदेश मंत्री रहते हुए खराब स्वास्थ्य के बावजूद भी लगातार काम करती थीं। उनका विदेशमंत्री का कार्यकाल अत्यंत सफल रहा। सुषमा स्वराज जी ने खराब स्वास्थ्य का हवाला देकर 2019 का लोकसभा चुनाव नहीं लड़ा और न ही मोदी सरकार में कोई मंत्री पद स्वीकार किया। सुषमा जी अपने अंतिम समय तक सक्रिय रहीं उन्होंने अपने निधन से 3 घंटे पहले ट्वीट के माध्यम से कश्मीर से धारा 370 हटाने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की थी जिसमे उन्होंने कहा था 'प्रधानमंत्री जी- आपका हार्दिक अभिनन्दन. मैं अपने जीवन में इस दिन को देखने की प्रतीक्षा कर रही थी।' सुषमा जी जम्मू कश्मीर से सरकार द्वारा धारा 370 हटाने से अत्यंत प्रसन्न थीं किसी को क्या पता था कि सुषमा जी इतनी जल्दी गोलोकवास के लिए चली जाएंगी। 

इसे भी पढ़ें: जानें अगस्त क्रांति का आगाज़ करने वाली अरुणा आसफ अली की कहानी

सुषमा स्वराज जी का व्यक्तित्व हिमालय के सामान विराट था। भारत देश सहित सम्पूर्ण विश्व ने एक अत्यंत प्रिय नेता खो दिया है जो सार्वजनिक जीवन में गरिमा, सौम्यता, साहस और निष्ठा का प्रतीक था। सुषमा जी हमेशा दूसरों की मदद के लिए तैयार रहती थीं। भारत की जनता की सेवा के लिए उन्हें हमेशा याद रखा जाएगा। सुषमा जी एक कुशल राजनीतिज्ञ, एक प्रखर ओजस्वी वक्ता और एक सादगीपूर्ण व्यक्तित्व की धनी थीं। सुषमा जी का स्थान भारतीय राजनीती में कोई नहीं ले सकता है। उन्होंने भारतीय राजनीती में अपने किये गए कार्यो और अपने व्यवहार से जो छाप छोड़ी है वह अमिट एवं अनुकरणीय है। सुषमा जी में भारतीय संस्कृति कूट-कूट कर भरी थी कहा जाए तो वह भारतीय नारी का गौरव थीं। सुषमा जी एक महान नेता थीं, जिनके जाने से भारतीय राजनीति को बहुत क्षति हुई है जिसकी भरपाई मुश्किल है। सुषमा स्वराज जी ने एक प्रखर ओजस्वी वक्ता, एक आदर्श कार्यकर्ता, लोकप्रिय जनप्रतिनिधि व कर्मठ मंत्री जैसे विभिन्न रूपों में भारतीय राजनीति में अपनी एक अद्वितीय पहचान बनायी। लोकप्रिय नेता सुषमा स्वराज जी का दिल का दौरा पड़ने से 06 अगस्त 2019 को 67 साल की उम्र में निधन हो गया। सुषमा स्वराज जी का निधन भाजपा और भारतीय राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उनकी पवित्र आत्मा को शांति दे।

- ब्रह्मानंद राजपूत

प्रमुख खबरें

Team India में अब चलेगी Gautam Gambhir की? Suryakumar Yadav की Captaincy पर लेंगे आखिरी फैसला!

TVK कैबिनेट में शामिल होने पर Thirumavalavan की सफाई, बोले- VCK कार्यकर्ताओं ने मुझे मजबूर किया

पाक आर्मी चीफ Asim Munir की तेहरान यात्रा सफल? USA को उम्मीद, Iran आज मान लेगा डील

Rajnath Singh का Shirdi से ऐलान: कोई ताकत नहीं रोक सकती, India बनेगा Top Arms Exporter