दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर RDX से भरा संदिग्ध बैग मिला, बढ़ाई गई सुरक्षा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 01, 2019

नयी दिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार देर रात टर्मिनल-3 पर एक संदिग्ध बैग मिलने से अफरा-तफरी मच गई और कुछ घंटों के लिए यात्रियों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। अधिकारियों ने बताया कि काले रंग के बैग को पहले सीआईएसएफ कर्मियों ने गुरुवार देर रात करीब एक बजे टर्मिनल-3 के आगमन क्षेत्र से हटाया और अब उसे ‘कूलिंग पिट’ में रखा गया है। सूत्रों ने बताया कि प्राथमिक जानकारी से प्रतीत होता है कि बैग में ‘आरडीएक्स’ है। विस्फोटक डिटेक्टर से उसकी जांच की गई। बाद में एक कुत्ते की मदद से भी जांच की गई। लेकिन विस्फोटक की सही प्रकृति का पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि विस्फोटक को अगले 24 घंटे के लिए निगरानी में रखा गया है। कुछ पुख्ता पता चलने पर ही इस संबंध में जानकारी दी जाएगी।

सूत्रों ने बताया कि यह आईईडी हो सकता है लेकिन अभी कुछ स्पष्ट नहीं है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि गुरुवार देर रात करीब एक बजे एक संदिग्ध बैग के बारे में जानकारी मिली थी। इसके बाद टर्मिनल-3 के गेट नंबर दो (आगमन) के पास से एक बैग मिला। पुलिस उपायुक्त (हवाई अड्डा) के संजय भाटिया ने कहा, ‘‘ सीआईएसएफ की मदद से बैग को वहां से हटा दूसरी जगह ले जाया गया। अभी तक उसे खोला नहीं गया है। ऐसा प्रतीत होता है कि इसमें बिजली की तारें है। हवाई अड्डा परिसर में हमने सुरक्षा बढ़ा दी है। ’’

इसे भी पढ़ें: दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर संदिग्ध बैग मिलने से मचा हड़कंप, बढ़ाई गई सुरक्षा

एयरलाइनों से जुड़े सूत्रों ने बताया कि बैग मिलने के बाद कुछ देर के लिए यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई क्योंकि थोड़े समय के लिए आगमन टर्मिनल से लोगों को बाहर जाने से रोक दिया गया था। अधिकारियों ने बताया कि सीआईएसएफ और दिल्ली पुलिस ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की पूर्ण जांच की, जिसके बाद सुबह करीब चार बजे यात्रियों की आवाजाही बहाल की गई।

उन्होंने बताया कि टी-3 के बाहर के मार्ग को भी बंद कर दिया गया था। दिल्ली हवाई अड्डे के टी-3 पर तीन घरेलू टर्मिनल हैं। साथ ही यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी संचालित होती हैं।

प्रमुख खबरें

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले बोले Abhijit Deepke, पाबंदियों से साफ है सरकार डरी हुई है

Delhi Police Security | जंतर-मंतर पर CJP के विरोध प्रदर्शन से पहले बढ़ाई गई सुरक्षा, कनॉट प्लेस से मेट्रो तक कई पाबंदियां लागू, इन रास्तों से बचें

लगातार आशीर्वाद के लिए लोगों का आभार, प्रधानमंत्री मोदी ने उपचुनावों में BJP की जीत के लिए वोटरों का किया धन्यवाद

Kerala High Court ने दी 8 हफ्ते की मोहलत, पशु मंडियों पर निगरानी समितियां न बनने पर लग सकती है रोक