Nandigram Bypoll में जीत का नया रिकॉर्ड बनाएं, विकास योजनाओं के मंच से बोले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 31, 2026

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को पूर्वी मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम में अपनी सरकार के कामों का जिक्र करते हुए लोगों से अपील की कि वे आने वाले उपचुनाव में उनकी पिछली जीत के अंतर को और बढ़ाने में मदद करें। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार के समय हुई बरसों की अनदेखी को दूर कर रही है। नंदीग्राम में पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारी ने बार-बार उस इलाके के साथ अपने राजनीतिक जुड़ाव का जिक्र किया और जमीन अधिग्रहण-विरोधी आंदोलन को याद किया, जिसने इस इलाके को पश्चिम बंगाल की राजनीति के केंद्र में ला खड़ा किया था।

इसे भी पढ़ें: Madras High Court पहुंचे CM Vijay, पांच सीटों पर By-Election कराने की मांग की

अधिकारी ने कहा, “नंदीग्राम प्राथमिकता में है। आपने मुझे चुना था और मैं लगभग साढ़े तीन महीने से मुख्यमंत्री के तौर पर सेवा कर रहा हूं। इस कम समय में हमने जो काम किया है, वह बस शुरुआत है।” उन्होंने कहा, “पिछली बार आपने मुझे 82,000 मतों से जिताया था।

क्या आपको याद है? इस बार उस रिकॉर्ड को तोड़ना है।” उन्होंने बार-बार भीड़ से वादा करने को कहा कि वे नया रिकॉर्ड बनाने में उनकी मदद करेंगे। अधिकारी ने 2026 के विधानसभा चुनावों में नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से जीत हासिल की थी हालांकि बाद में उन्होंने नंदीग्राम सीट खाली कर दी थी।

इसे भी पढ़ें: Suvendu Adhikari ने दी चेतावनी, कश्मीर पर विवादित नारे लगाने पर होगी गिरफ्तारी

निर्वाचन आयोग ने अभी तक उपचुनाव की तारीख की घोषणा नहीं की है। नंदीग्राम अधिकारी की राजनीतिक पहचान का मुख्य केंद्र रहा है। उन्होंने 2021 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराया और 2026 के चुनावों में भी अपनी सीट बरकरार रखी।

साथ ही दक्षिण कोलकाता में बनर्जी के गढ़ भवानीपुर में भी उन्हें हराया। मुख्यमंत्री ने पिछली सरकार के साथ, खासकर नंदीग्राम के विकास और लंबित परियोजनाओं को लेकर, एक बड़ा राजनीतिक अंतर भी दिखाने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली मुख्यमंत्री ने नंदीग्राम सीट हारने के बाद वहां की रेलवे परियोजना को रोक दिया था।

इसे भी पढ़ें: Suvendu Adhikari ने कुशल पेशेवरों से बंगाल लौटने की अपील की, IT क्षेत्र में देंगे अवसर

उनका कहना था कि इस परियोजना के लिए सिर्फ छह एकड़ जमीन की जरूरत थी और उनकी सरकार ने पहले ही लगभग साढ़े तीन एकड़ जमीन रेलवे को सौंप दी है। उन्होंने प्रस्तावित रेल संपर्क का जिक्र करते हुए कहा, “हम बाकी जमीन भी देंगे। अगले साल मार्च तक, मैं नंदीग्राम रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ूंगा।” अधिकारी ने इस मौके का इस्तेमाल नंदीग्राम आंदोलन और उससे जुड़ी हिंसा के इतिहास को याद करने के लिए भी किया।

जमीन अधिग्रहण के खिलाफ हुए आंदोलन को याद करते हुए उन्होंने कहा कि इस इलाके का इतिहास ब्रिटिश शासन और उसके बाद हुए राजनीतिक दमन, दोनों का विरोध करने का रहा है। ज़मीन अधिग्रहण के लिये 2007 का नंदीग्राम आंदोलन एक प्रस्तावित केमिकल हब के खिलाफ किसानों का जबरदस्त विरोध था जिसमें पुलिस की गोलीबारी से 14 लोगों की मौत हुई और आखिरकार राज्य की वाम मोर्चा सरकार गिर गई।

प्रमुख खबरें

Siddaramaiah के कथित स्टिंग केस में दिल्ली से रितेश पांडे गिरफ्तार, Bengaluru कोर्ट से मिली जमानत

Noida Metro में बना नया कीर्तिमान, 23 अक्टूबर को 1.05 लाख यात्रियों ने किया सफर

MP CM Mohan Yadav ने Dhar में 2,388 करोड़ रुपये की Irrigation Project शुरू की

ED ने Mumbai Airport से वकील को पकड़ा, 28000 करोड़ के साइबर फ्रॉड में कार्रवाई