Suvendu Adhikari ने कुशल पेशेवरों से बंगाल लौटने की अपील की, IT क्षेत्र में देंगे अवसर

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने न्यू टाउन में एलटीएम के नए आईटी कैंपस के उद्घाटन पर देश-विदेश में कार्यरत राज्य के शिक्षित पेशेवरों से वापस लौटने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर राज्य को फिर से निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही सरकार ने डेटा सेंटर निर्माण के लिए कंपनी को अतिरिक्त 10 एकड़ जमीन मुहैया कराने का भी भरोसा दिया।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बृहस्पतिवार को देश के अन्य हिस्सों और विदेशों में काम कर रहे राज्य के कुशल और शिक्षित पेशेवरों से वापस लौटने की अपील की और उन्हें ‘‘डबल इंजन सरकार’’ के तहत अवसर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। न्यू टाउन में एलटीएम के नए आईटी कैंपस ‘आनंद निकेतन’ के पहले चरण के उद्घाटन के अवसर पर शुभेंदु ने कहा कि उनकी सरकार की प्राथमिकता राज्य के बड़ी संख्या में शिक्षित युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना और पश्चिम बंगाल को फिर से निवेश के केंद्र के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने कहा, ‘‘बड़ी संख्या में शिक्षित युवा बेरोजगार हैं।
उन्हें नौकरियों की जरूरत है और वे बंगाल में काम करने के लिए काफी इच्छुक हैं।’’ मुख्यमंत्री ने लार्सन एंड टुब्रो (एल एंड टी) समूह का हिस्सा एलटीएम को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए कंपनी को अतिरिक्त 10 एकड़ जमीन उपलब्ध कराएगी। उन्होंने बताया कि कंपनी ने करीब दो महीने पहले सरकार को पत्र लिखकर जमीन की मांग की थी। एलटीएम के आनंद निकेतन आईटी कैंपस के पहले चरण में करीब आठ लाख वर्ग फुट क्षेत्र में फैली दो इमारतें शामिल हैं।
इसे भी पढ़ें: TMC ने West Bengal में कार्यकर्ताओं पर हमले का लगाया आरोप, पूछा राष्ट्रपति शासन क्यों नहीं?
इनमें लगभग 5,800 इंजीनियरों और पेशेवरों के बैठने की क्षमता है। एल एंड टी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक एसएन सुब्रह्मण्यन और उनकी टीम को संबोधित करते हुए अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार कंपनी के विस्तार और राज्य में भविष्य के निवेश के लिए हर संभव सहयोग देगी। उन्होंने कहा, ‘‘एलटीएम एक बहुत अच्छी और प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय कंपनी है।
इसे भी पढ़ें: Suvendu Adhikari ने फुटपाथ वाली महिला को दिया आवास का भरोसा, TMC पर साधा निशाना
मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि यह समूह बार-बार यहां आएगा और अधिक निवेश करेगा। हम आपकी टीम के साथ सहयोग करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि सरकार विशेष रूप से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), साइबर सुरक्षा, चिप डिजाइन, ऑटोमेशन और डिजिटल विनिर्माण जैसे उभरते तकनीकी क्षेत्रों में अवसर पैदा करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। शुभेंदु अधिकारी ने युवाओं के वास्ते रोजगार पैदा करने के लिए शिक्षण संस्थानों और उद्योगों के बीच साझेदारी की जरूरत पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि सरकार छोटे कारोबारियों के लिए ऋण और अवसर उपलब्ध कराने में मदद करेगी।
अन्य न्यूज़















