West Bengal में वाम और तृणमूल ने हिंदू परंपराएं मिटाने की कोशिश की: Suvendu Adhikari

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 12, 2026

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को आरोप लगाया कि राज्य में लंबे समय तक सत्ता में रहे वाम मोर्चा और तृणमूल कांग्रेस ने बंगाली हिंदुओं की सांस्कृतिक परंपराओं को खत्म करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि मौजूदा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार बंगाली हिंदुओं से जुड़ी ‘विरासत और परंपराओं’ को फिर से बहाल करने की कोशिश कर रही है। शुभेंदु ने केस्टोपुर में गणेश पूजा का उद्घाटन करने के बाद कहा कि राज्य की सांस्कृतिक पहचान को कमजोर करने की कोशिश लगभग पांच दशकों से जारी है।

शुभेंदु ने कहा, ‘‘चिन्मय प्रभु के आंसुओं ने दुनिया भर के ‘सनातनियों’ को झकझोर दिया है।’’ उनका यह बयान तृणमूल कांग्रेस द्वारा शुक्रवार को बांग्लादेशी हिंदू संत की दुर्दशा पर कथित तौर पर चुप्पी साधे रखने के लिए भाजपा की आलोचना किए जाने के एक दिन बाद आया है। शुभेंदु ने बंटवारे के समय पूर्वी पाकिस्तान के लोगों की दुर्दशा का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि वामपंथी शासन के दौरान पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों, धार्मिक ग्रंथों और त्योहारों को ‘‘जानबूझकर हाशिए पर धकेल दिया गया’’।

उन्होंने दावा किया कि उस दौरान पूजा पंडालों में वामपंथी नेताओं-कार्ल मार्क्स और व्लादिमीर लेनिन की किताबें तो मिल जाती थीं, लेकिन स्वामी विवेकानंद, स्वामी प्रणवानंद और रामकृष्ण मिशन से जुड़ी रचनाएं वहां नहीं होती थीं। शुभेंदु ने आरोप लगाया, ‘‘जिन लोगों ने 34 साल तक पश्चिम बंगाल पर शासन किया, वे नहीं चाहते थे कि हम अपनी धार्मिक परंपराओं, धर्मग्रंथों और रीति-रिवाजों के बारे में लिखें या उनका पालन करें।’’ उन्होंने दावा किया कि तृणमूल सरकार के 15 साल के शासन के दौरान धर्म, और त्योहारों के नाम पर लोगों के बीच ‘फूट डालने’ की कोशिश की गईं। शुभेंदु ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का नाम लिए बिना कहा कि पूर्व में मुहर्रम की वजह से दुर्गा प्रतिमा विसर्जन पर रोक लगा दी गई थी।

उन्होंने कहा, ‘‘दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान पंचांग में जो कुछ भी लिखा है, उसका पालन किया जाएगा।’’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हम दुर्गा पूजा से जुड़े पारंपरिक पंचांग और रीति-रिवाजों का अनुपालन करने की कोशिश कर रहे हैं।’’ उन्होंने लोगों से अपनी पहचान, धर्म, विरासत और परंपराओं को बनाए रखने के लिए एकजुट रहने की अपील की। शुभेंदु ने गणेश पूजा और छठ जैसे त्योहारों के सांस्कृतिक महत्व को बढ़ाने की भी वकालत की और कहा कि ऐसे उत्सव किसी खास इलाके या समुदाय तक सीमित नहीं रहने चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘गणेश पूजा सिर्फ महाराष्ट्र का त्योहार नहीं है।

यह दुनिया भर के सनातनियों का है।’’ शुभेंदु ने कहा कि उनकी सरकार समुदायों और भाषाई समूहों के बीच बनी ‘दीवारों’ को तोड़ना चाहती है और एक व्यापक भारतीय पहचान पर जोर देती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने निर्देश दिए हैं कि दुर्गा पूजा की शुरुआत ‘देवी पक्ष’ के शुभ मुहूर्त से शुरू हों और ‘महालय’ व ‘महाष्टमी’ से जुड़ी पारंपरिक रीतियों को बनाए रखा जाए। उन्होंने लोगों से राज्य के विकास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ते हुए बंगाल की सांस्कृतिक विरासत की रक्षा करने का आह्वान किया।

शुभेंदु ने बाद में दमदम इलाके में मॉल रोड पर एक और गणेश पूजा पंडाल का उद्घाटन किया। उन्होंने मंत्रोच्चारण के बीच पूजा अर्चना की और गणपति की ‘आरती’ की।

प्रमुख खबरें

BRICS Summit: फिलहाल कॉमन करेंसी का प्रस्ताव नहीं, Local Currency पेमेंट पर जारी है बातचीत

Asian Games टीम से बाहर होने पर वुशु खिलाड़ी Divyanshi Choudhary ने महासंघ पर लगाए गंभीर आरोप

Engineering और Polytechnic संस्थानों में हुआ 98 प्रतिशत Admission, मंत्री शीला कुमारी ने दी जानकारी

18th BRICS Summit के बीच Delhi के Connaught Place पहुंचे विदेशी सैलानी