Switzerland में हथियारों के निर्यात नियमों में ढील को मंजूरी, 55 फीसदी मतदाताओं ने दिया समर्थन

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026

स्विट्जरलैंड के मतदाताओं ने रविवार को हथियारों के निर्यात से जुड़े सख्त नियमों में ढील देने के पक्ष में फैसला सुनाया। इसके तहत पश्चिमी सहयोगी देशों को हथियारों के निर्यात पर लगी पाबंदियां कम की जाएंगी। यह जनमत संग्रह देश की चर्चित तटस्थता नीति की परीक्षा के रूप में देखा जा रहा था।

संघीय सरकार और इस प्रस्ताव के अन्य समर्थकों का कहना था कि स्विट्जरलैंड के रक्षा उद्योग और सैन्य क्षमता को मजबूत करने के लिए इन नियमों में बदलाव जरूरी था। वहीं, आलोचकों ने आशंका जताई कि इससे चरमपंथी संगठनों और कानून-कायदों की परवाह न करने वाले देशों के लिए स्विस हथियारों तक पहुंच आसान हो जाएगी। रविवार को घोषित अंतिम नतीजों के मुताबिक, करीब 55 फीसदी मतदाताओं ने इस सुधार के पक्ष में मतदान किया।

यह मतदान स्विट्जरलैंड की लोकतांत्रिक व्यवस्था की एक विशिष्ट परंपरा का हिस्सा है, जिसके तहत जनता को साल में चार बार नीतिगत फैसलों पर सीधे अपनी राय देने और मतदान के जरिए निर्णय लेने का अधिकार मिलता है। स्विट्जरलैंड में हुए अन्य राष्ट्रव्यापी जनमत संग्रहों में करीब 60 फीसदी मतदाताओं ने तेज आवाज वाले पटाखों पर प्रतिबंध लगाने के प्रस्ताव का समर्थन किया। इस प्रस्ताव को पशु अधिकारों के लिए काम करने वाले संगठनों और कार्यकर्ताओं का व्यापक समर्थन मिला था।

वहीं, मतदाताओं ने पेंशन में बढ़ोतरी के लिए बिक्री कर बढ़ाने और विवाहित जोड़ों के लिए अधिक न्यायसंगत कर व्यवस्था सुनिश्चित करने से जुड़े प्रस्तावों को खारिज कर दिया।

प्रमुख खबरें

कर्नाटक में पन्ना के 21 मजदूर बंधक, पुलिस ने दर्ज की शिकायत

देहरादून में STF और पुलिस की कार्रवाई, 800 पैकेट नकली Gold Flake सिगरेट संग आरोपी धरा

Women Reservation Bill पर 371 सांसदों के समर्थन का दावा, केंद्र सरकार आश्वस्त

Bangladesh और Pakistan ने आवश्यक वस्तुओं के व्यापार के लिए 5 साल का Trade Agreement किया